
बुरहानपुर। शहर को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बोहरडा स्थित लिगेसी वेस्ट डंपसाइट पर पुराने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने डंपसाइट का निरीक्षण कर बायोमायनिंग प्रक्रिया के माध्यम से किए जा रहे कचरे के निस्तारण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम आयुक्त श्री संदीप श्रीवास्तव से कार्य की प्रगति एवं अपनाई जा रही प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर श्री कुमार ने निर्देश दिए कि शेष कचरे के निस्तारण तथा प्रोसेसिंग के बाद प्राप्त आरडीएफ का निर्धारित समय.सीमा में समुचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्य में पर्यावरणीय मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
विदित है कि स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत बोहरडा स्थित लगभग 30 वर्ष पुराने 1.97 लाख मीट्रिक टन कचरे का बायोमायनिंग तकनीक से वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 1082.26 लाख रुपये है। परियोजना के तहत अब तक लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष कार्य प्रगतिरत है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री संदीप श्रीवास्तव सहित संबंधित उपस्थित रहे।
