जबलपुर: संस्कार सेवा उत्सव समिति द्वारा आयोजित अयोध्या धाम विशेष ट्रेन यात्रा मंगलवार को भक्तिमय माहौल के बीच मदन महल स्टेशन से रवाना हुई। 19 कोचों में सवार 1520 श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ यात्रा का शुभारंभ किया। स्टेशन पर यात्रियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि अयोध्या पहुंचने पर श्रद्धालु होटल में विश्राम के बाद श्रीराम जन्मभूमि (रामलला विराजमान), हनुमानगढ़ी और सरयू घाट के दर्शन करेंगे।
यात्रियों की सुविधा के लिए संपूर्ण व्यवस्था की गई है। हर कोच में सेवाधारी तैनात हैं। भोजन, नाश्ता और चाय उपलब्ध रहेगी। यात्रियों को कंबल, चादर और तकिया सहित वेलकम किट प्रदान की गई। ठंड को देखते हुए गर्म कपड़े रखने की सलाह दी गई है। समिति के संरक्षक डॉ. सुधांशु गुप्ता ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सहज वातावरण में आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करना है।
विशेष ट्रेन 9 दिसंबर सुबह 10 बजे अयोध्या पहुंचेगी और दर्शन-पूजन के बाद उसी दिन रात 10:30 बजे वापसी होगी। आयोजन में प्रमुख रूप से चैतन्य नंदजी महाराज, प्रशांत सिंह, विधायक अशोक रोहाणी, विधायक नीरज सिंह, अभिलाष पांडे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, पार्षद कमलेश अग्रवाल, पूर्व विधायक हरेंद्र सिंह बब्बू, समरसता सेवा संगठन के संदीप जैन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
