लगता है हमने भारत को खो दिया: ट्रम्प

नयी दिल्ली, 05 सितंबर (वार्ता) भारत के खिलाफ अमेरिका में ऊंचे आयात शुल्क को लेकर द्विपक्षीय संबंधों में तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आशंका जतायी है कि उनके देश के साथ भारत की दूरियां बढ़ गयीं हैं और वह संभवत: चीन के साथ जुड़ रहा है।
श्री ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर एक संक्षिप्त पोस्ट में लिखा, “ऐसा लगता है कि हमने भारत और रूस को अति रहस्यमयी और अति खतरनाक चीन के हाथों खो दिया है। ईश्वर करे कि उनका भविष्य दीर्घ और समृद्ध हो।”
इस कथन के साथ उन्होंने हाल ही में तियांजिन में संपन्न हुयी शंघाई सहयोग संगठन की शिखर बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रूसी राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन और चीनी प्रमुख शी जिनपिंग की एक फोटाे टैग की है।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने भारत के सामान पर अमेरिका में 25 प्रतिशत की दर से ऊंचा शुल्क लगाने के साथ ही रूस का तेल खरीदने के लिए अमेरिका के आपातकाल के कानूनों के तहत शुल्क को दोगुना कर दिया है।
श्री ट्रम्प ने गुरुवार को नाटो के नेताओं के साथ बातचीत में उनसे रूस से प्राकृतिक गैस खरीदने का सिलसिला बंद करने का भी दबाव डाला था।
भारत ने श्री ट्रम्प के ताजा बयान पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

Next Post

शिक्षकों का समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा : इंद्राज

Fri Sep 5 , 2025
नयी दिल्ली, 5 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नेत्रहीन शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान के लिए नमन करते हुए कहा कि इनका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है। श्री इंद्राज ने यहां रोहिणी में आयोजित […]

You May Like