नयी दिल्ली, 5 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नेत्रहीन शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान के लिए नमन करते हुए कहा कि इनका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है।
श्री इंद्राज ने यहां रोहिणी में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक निर्माता हैं और जो शिक्षक स्वयं दृष्टिबाधित होकर भी ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं, वे पूरे समाज के लिए प्रेरणा हैं। दिल्ली सरकार हमेशा ऐसे शिक्षकों के सम्मान और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज सरकार पूरी दिल्ली में शिक्षकों का सम्मान कर रही है, शिक्षकों का सम्मान पूरे समाज का गौरव बढ़ाता है।
उन्होंने कहा कि आज हो रहे अनुभव और अनुभूति को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त दिव्यांग-समर्थ भारत संकल्प की दिशा में सरकार पूरी दिल्ली में भवनों और परिवहन के साधनों को दिव्यांगों के लिए अनुकूल बना रही है। दिव्यांगों को उच्च गुणवत्ता वाले सहायक उपकरण दिये जा रहे हैं और लगातार जिलों में मूल्यांकन शिविर भी लग रहे हैं।
इस अवसर पर पद्म पुरस्कार से सम्मानित और नेत्रहीनों के सशक्तिकरण के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले जवाहर लाल कौल जी को भी सम्मानित किया गया।

