ईशान मलिंगा कंधे की हड्डी खिसकने के कारण मंगलवार को इंग्लैंड के विरुद्ध टी20 के तीसरे मैच से बाहर हो गए हैं। इसके साथ वो वर्ल्ड कप से बाहर भी हो सकते हैं।
टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। यह मल्टी नेशनल टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका में आयोजित किया जा रहा है। टी20 वर्ल्ड कप से शुरू होने से महज 4-5 दिन पहले श्रीलंका को एक बड़ा झटका लगा है। श्रीलंका के तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा चोटिल हो गए हैं।
तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा कंधे की हड्डी खिसकने के कारण मंगलवार को इंग्लैंड के विरुद्ध टी20 के तीसरे मैच से बाहर हो गए हैं। वहीं अब वर्ल्ड कप में उनकी भागीदारी संदिग्ध हो गई है। 24 वर्षीय सीमर को रविवार को पल्लेकेले में इंग्लैंड से हार के दौरान चोट लगी थी। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) की प्रेस रिलीज में कहा गया, “मलिंगा सोमवार को कोलंबो लौटेंगे। इसके बाद उनकी चोट की जांच की जाएगी और फैसला लिया जाएगा कि आगे क्या करना है।”
ईशान मलिंगा का शानदार प्रदर्शन
ईशान मलिंगा ने हाल के महीनों में शानदार प्रदर्शन किया है। वह गेंदबाजी रैंकिंग में तेजी से ऊपर चढ़े हैं। 2025 में इंडियन प्रीमियर लीग में शानदार डेब्यू करने के बाद, मलिंगा को नवंबर में इंटरनेशनल डेब्यू करने का मौका मिला। उन्होंने अपने करियर में आठ टी20 मुकाबलों में 8 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 17.1 का रहा है।
श्रीलंका ने तीसरे टी20 के लिए टीम में मलिंगा की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को नहीं चुना है। प्रमोद मदुशन ही एकमात्र दूसरे फ्रंटलाइन सीमर के तौर पर टीम में उपलब्ध हैं। मदुशन को सीरीज की शुरुआत से ही दुष्मंथा चमीरा के कवर के तौर पर देखा जा रहा था, अब उनके प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की उम्मीद है।
वर्ल्ड कप टीम पर अनिश्चितता
श्रीलंका क्रिकेट ने अभी तक अपनी टी20 वर्ल्ड कप टीम फाइनल नहीं की है। ऐसे में 15 सदस्यीय खिलाड़ियों में मलिंगा की जगह को लेकर अनिश्चितता है। 31 जनवरी की सबमिशन डेडलाइन के बाद किसी भी बदलाव के लिए आईसीसी से मंजूरी लेनी होगी, जिससे फैसला लेने की प्रक्रिया में और मुश्किलें आ सकती हैं।
