आर्मीमैन वरुण परमार ने एपीजीसी मिड-अमेच्योर चैंपियनशिप में सर्वश्रेष्ठ भारतीय के रूप में पांचवां स्थान हासिल किया

टैंगरांग (इंडोनेशिया), 14 अगस्त (वार्ता) भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल वरुण परमार ने 72, 68 और 76 (ईवन-पार 216) राउंड खेलते हुए एशिया-प्रशांत गोल्फ कन्फेडरेशन (एपीजीसी) मिड-अमेच्योर चैंपियनशिप में कुल मिलाकर अकेले पांचवें स्थान पर और कैटेगरी सी (आयु 38 से 46) में उपविजेता के रूप में सर्वश्रेष्ठ भारतीय खिलाड़ी बनकर उभरे। यह चैंपियनशिप इंडोनेशिया गोल्फ एसोसिएशन के सहयोग से यहां आयोजित की गई।

इंडियन गोल्फ यूनियन (आईजीयू) द्वारा भेजे गए चार सदस्यीय दल का हिस्सा 43 वर्षीय परमार ने दूसरे दौर में ग्रैम मार्श द्वारा डिजाइन किए गए ग्रैडिंग राया गोल्फ क्लब में प्रभावशाली चार-अंडर 68 के साथ बढ़त ली। परमार ने इससे पहले जून के महीने में केन्या में आयोजित वर्ल्ड मिलिट्री गोल्फ चैंपियनशिप जीती थी और इस साल की शुरुआत में आईजीयू सीनियर और मिड-अमेच्योर गोल्फ चैंपियनशिप में उपविजेता रहे थे।

इस बीच, अर्जुन सिंह ने कैटेगरी सी में तीसरा और कुल मिलाकर 54 होल के बाद दो-ओवर 218 के साथ सातवां स्थान हासिल किया। रणजीत सिंह ने 73-72-75 के स्कोर के साथ चार-ओवर 220 पर संयुक्त नौवां स्थान हासिल किया, जबकि सिमरजीत सिंह 80-76-74 के स्कोर के साथ 14-ओवर 230 पर संयुक्त 21वें स्थान पर रहे। इसके अलावा, आशीष कपूर, जो निजी एंट्री के रूप में खेल रहे थे, ने कैटेगरी डी (47 वर्ष और उससे ऊपर) में संयुक्त दूसरा स्थान हासिल किया।

परमार ने पुरस्कार ग्रहण करते हुए कहा, “मैं अपनी प्रदर्शन से बेहद खुश हूं। यह मेरा पहली बार इंडोनेशिया आना था और कठिन मौसम की परिस्थितियों के बावजूद मैं अपनी पकड़ बनाए रख सका, यही एपीजीसी मिड-अमेच्योर चैंपियनशिप से सबसे बड़ी सीख है। मेरे साथी खिलाड़ियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, खासकर अर्जुन और रणजीत। मैं इंडियन गोल्फ यूनियन का इस अवसर के लिए आभारी हूं।”

अर्जुन सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सप्ताह में देश का प्रतिनिधित्व करना दिल को छू लेने वाला अनुभव था। “मेरा हृदय गर्व और देशभक्ति से भर जाता है क्योंकि मेरी मातृभूमि 15 अगस्त को अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रही है।एपीजीसी मिड-अमेच्योर चैंपियनशिप में खेलना, जो पहली बार आयोजित हो रही थी, एक शानदार अनुभव था, साथ ही मेरे और मेरे साथियों के अच्छे राउंड भी थे। इसके लिए आईजीयू का मैं धन्यवाद करता हूं।”

 

 

Next Post

पतंजलि फूड्स का परिचालन राजस्व 24 प्रतिशत बढ़कर 8,900 करोड़ रुपये

Thu Aug 14 , 2025
मुंबई, 14 अगस्त (वार्ता) खाने-पीने की चीजें बनाने वाली कंपनी पतंजलि फूड्स का परिचालन राजस्व चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 24 प्रतिशत बढ़कर 8,899.70 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने गुरुवार को पहली तिमाही के वित्तीय परिणामों की घोषणा की। उसने बताया कि तिमाही के दौरान उसका […]

You May Like