नयी दिल्ली, (वार्ता) मुम्बई इंडियंस के खिलाफ अपनी 90 रन की तूफानी मैच विजयी पारी से ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने दिल्ली कैपिटल्स के समीर रिजवी ने जीत के बाद कहा, ”मैंने काफी मेहनत की है। अपनी कमजोरियों पर काम किया है, खासकर तेज गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ मैं पहले उतना अच्छा नहीं था। मैं हालात के हिसाब से खेलने की कोशिश करता हूं। मैंने शुरुआत में समय लिया, खु़द को सेट किया और फिर अपने शॉट्स खेले। मैंने कोशिश की कि गेंद को आख़िरी समय तक देखूं। यहां रन बनाने से काफ़ी आत्मविश्वास मिलता है और हम जैसे युवा खिलाड़ियों को आगे मौके भी मिलते हैं।”
हम 15 से 20 रन कम रह गए : सूर्यकुमार यादव
अपनी टीम की हार से निराश मुंबई के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, ”यह एक ठीक-ठाक विकेट था, हमें उम्मीद थी कि यह थोड़ा धीमा रहेगा। हम लगभग 15 से 20 रन कम रह गए। उनके गेंदबाज़ों और रिज़वी का श्रेय कम नहीं करना चाहूंगा। उन्हें पूरा क्रेडिट जाता है, उन्होंने हमें मैच में वापस आने का मौका ही नहीं दिया। पिच में ज़्यादा बदलाव नहीं हुआ। उन्होंने हालात को बेहतर समझा और शानदार बल्लेबाज़ी की। जब आप पहले बल्लेबाज़ी करते हैं, तो कोई तय स्कोर नहीं होता। हमें लगा था कि 180 से 185 एक अच्छा स्कोर रहेगा। नमन और मैं ग़लत समय पर आउट हो गए। गेंदबाज़ी में ऐसे दिन आते हैं। हमें फिर से प्लान बनाना होगा और बेहतर वापसी करनी होगी।”
