
चितरंगी। चितरंगी क्षेत्र में विद्युत अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए निर्माणाधीन बगदरा एवं सिरगुड़ी विद्युत उपकेंद्रों का एसई अजीत सिंह बघेल एवं कार्यपालन अभियंता संचारण निर्माण ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संविदाकार, कनिष्ठ अभियंता संचरण निर्माण एवं कनिष्ठ अभियंता चितरंगी भी मौजूद रहे। इसके बाद अधिकारियों ने चितरंगी विकासखंड के भाऊदरवा, हथिया कोच, बाकिया टोला सहित विभिन्न गांवों में एनसीएल की सीएसआर मद से कराए जा रहे विद्युत लाइन निर्माण कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का बारीकी से परीक्षण करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कहीं गुणवत्ताविहीन निर्माण कार्य पाया गया तो संबंधित ठेकेदार के बिलों में नियमानुसार कटौती की जाएगी। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों के निष्पादन और मात्रा के सत्यापन के लिए ई-मापन प्रणाली के माध्यम से माप और सत्यापन की प्रक्रिया का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही पूर्ण किए जाएं।
