प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में हो रहा है भारतीय रेलवे का अभूतपूर्व आधुनिकीकरण : सम्राट चौधरी

पटना, 17 जुलाई (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय रेलवे निरंतर आधुनिक, सुरक्षित एवं यात्री-केंद्रित परिवहन व्यवस्था के रूप में विकसित हो रही है।प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आज पंजाब राज्य के जालंधर छावनी रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रेलवे अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास केवल भवनों के आधुनिकीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की एक व्यापक पहल है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भागलपुर-साहेबगंज रेलखंड पर स्थित शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन का भी आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकास किया गया है। इससे क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्थानीय विकास को और अधिक बल मिलेगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं रेल मंत्री के प्रति बिहारवासियों की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि हम सभी को पूर्ण विश्वास है कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में रेलवे अवसंरचना के विकास को आगे भी नई गति मिलती रहेगी और राज्य के नागरिकों को इसका व्यापक लाभ प्राप्त होगा।

 

 

Next Post

जहां फैलाई दहशतगर्दी वहां कान पकड़ मांगी माफी, पुलिस ने निकाला जुलूस

Fri Jul 17 , 2026
जबलपुर। बमबाजी, रंगदारी के मामले में फरार मुख्य आरेापी मोनू उर्फ शिवम शुक्ला, पिता रामकुमार शुक्ला, 23 वर्ष, निवासी मानेगांव को रांझी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जिसके कब्जे से देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस जब्त किया गया । पकड़े गए आरोपी की पुलिस ने हेकड़ी निकाली। पुलिस आरोपी को वहां […]

You May Like