जहां फैलाई दहशतगर्दी वहां कान पकड़ मांगी माफी, पुलिस ने निकाला जुलूस

जबलपुर। बमबाजी, रंगदारी के मामले में फरार मुख्य आरेापी मोनू उर्फ शिवम शुक्ला, पिता रामकुमार शुक्ला, 23 वर्ष, निवासी मानेगांव को रांझी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जिसके कब्जे से देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस जब्त किया गया । पकड़े गए आरोपी की पुलिस ने हेकड़ी निकाली। पुलिस आरोपी को वहां ले गई जहां उसने वारदात कर दहशतगर्दी फैलाई थी। इस दौरान बदमाश कान पकडक़र नागरिकों से माफी मांगता नजर आया।

टीआई उमेश कुमार गोल्हानी ने बताया कि 4 जुलाई 2026 को गांधी चौक स्थित श्रीपाल किराना स्टोर के संचालक अनिल श्रीपाल से आरोपी द्वारा कट्टा दिखाकर अवैध रूप से पैसों की मांग की गई थी। पैसे देने से इंकार करने पर दुकान बंद होने के बाद आरोपियों ने दुकान के शटर पर बम फेंककर दहशत फैलाने का प्रयास किया। घटना के बाद मुख्य आरोपी मोनू उर्फ शिवम शुक्ला तथा उसका साथी विवेक कोल फरार हो गए थे, जिनकी लगातार तलाश की जा रही थी। 16 जुलाई की रात्रि लगभग 11 बजे मोनू उर्फ शिवम शुक्ला मदर टेरेसा स्कूल के पास देशी पिस्टल लेकर घूमते दबोचा गया। गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी को शुक्रवार को गांधी चौक स्थित घटनास्थल ले जाकर तस्दीक कराई गई। पैदल घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। आरोपी के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में विभिन्न धाराओं के तहत लगभग एक दर्जन आपराधिक प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं। तिलवारा थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है । आरोपी के फरार साथी विवेक कोल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Next Post

बटियागढ़ के शासकीय मॉडल स्कूल में नशा मुक्ति अभियान, पुलिस ने दिलाई शपथ

Fri Jul 17 , 2026
दमोह.जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शासकीय मॉडल स्कूल बटियागढ़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में एसडीओपी प्रिया सिंधी और थाना प्रभारी निरीक्षक रजनी शुक्ल स्कूल पहुंचीं। इस दौरान स्कूल स्टाफ और पुलिस स्टाफ की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को नशा […]

You May Like