शिवपुरी: जिले के दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सिनदउआ गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। भैंस चराने गए दो चचेरे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
सिनदउआ गांव निवासी 11 वर्षीय अनिकेत पाल और 12 वर्षीय शिवकुमार पाल सुबह घर से भैंस चराने के लिए निकले थे। दोनों बच्चे रोजाना की तरह गांव के बाहर स्थित तालाब के आसपास भैंस चराने गए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब दोनों बच्चे घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू कर दी।
परिजन बच्चों की खोज करते हुए तालाब के पास पहुंचे, जहां उन्हें दोनों बच्चों के कपड़े और अन्य सामान पड़ा मिला। यह देखकर परिजनों की आशंका गहरा गई कि कहीं बच्चे तालाब में तो नहीं डूब गए। इसके बाद तत्काल दिनारा थाना पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से तालाब में तलाश अभियान शुरू कराया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव तालाब से बरामद कर लिए गए हैं।
