कांग्रेस जमीन बेचकर तेलंगाना चला रही है, विकास सिर्फ केंद्र के फंड से: भाजपा

हैदराबाद, 08 जनवरी (वार्ता) भाजपा तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने गुरुवार को कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार विकास कार्यों के बारे में लोगों को गुमराह कर रही है और सरकारी जमीनें बेचकर योजनाएं चल रही हैं।

श्री राव ने वारंगल में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार केंद्र सरकार की परियोजनाओं के बारे में गलत जानकारी फैला रही है, जो पूर्ववर्ती बीआरएस शासन के समान है।उन्होंने जोर देकर कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने तेलंगाना में कल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं के लिए हजारों करोड़ आवंटित किये हैं और उन क्षेत्रों को भी धनराशि दी है जहां भाजपा के संसदीय प्रतिनिधि नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार वादों को पूरा करने में विफल रही है और तेलंगाना की वित्तीय स्थिति को ‘डेंजर जोन’ में धकेल दिया है।

श्री राव ने हाल ही में हुई विधानसभा सत्र की आलोचना करते हुए कहा कि जमीन हड़पने, किसानों के लिए चलाई जा रही योजना रायथु बंधु को रोकने, बेरोजगारी भत्ता न मिलने, लंबित शुल्क अदायगी और आरोग्यश्री के बकाया जैसे मुद्दों पर कोई सार्थक चर्चा नहीं हुई।

उन्होंने विपक्ष के नेता के चंद्रशेखर राव पर टिप्पणी की कि वह थोड़ी देर के लिए आये और बिना बहस किये चले गये।केंद्र की वित्तपोषित परियोजनाओं पर प्रकाश डालते हुए श्री राव ने कहा कि वारंगल को विकास के लिए केंद्र से लगभग 2,000 करोड़ रुपये मिले। उन्होंने काकतीय मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, मुलुगु में सम्मक्का-सरक्का आदिवासी विश्वविद्यालय और काजीपेट कोच फैक्ट्री का उदाहरण देते हुए कहा कि रेल कोच उत्पादन जल्द ही शुरू होगा।

श्री राव ने राज्य सरकार पर विश्वविद्यालयों की जमीनें बेचने के प्रयासों का आरोप लगाया, जिसमें काकतीय विश्वविद्यालय, हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय और मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वारंगल के लिए 4,000 करोड़ रुपये के भूमिगत जल निकासी प्रणाली जैसे वादे महज घोषणा ही रह गयी। श्री राव ने भाजपा को आगामी नगरपालिका चुनावों में चुनने के लिए जनता से आग्रह करते हुए कहा कि अमृत, स्मार्ट सिटी और हृदय जैसी केंद्रीय योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि वास्तविक विकास केवल भाजपा शासन के साथ ही सम्भव है।

उन्होंने बाद में वारंगल में एक विशाल बाइक रैली में भाग लिया और भद्रकाली मंदिर में प्रार्थना की।

 

 

Next Post

प्रशासन ने नहीं दी पटवारी की जन आक्रोष रैली की अनुमति

Thu Jan 8 , 2026
ग्वालियर। ग्वालियर का पुलिस प्रशासन एवं प्रशासन भाजपा सरकार की कठपुतली की तरह काम कर रहा है। यह आरोप गुरूवार को पत्रकारों के समक्ष कांग्रेस के पूर्व मंत्री लाखन सिंह, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, विधायक डा. सतीश सिंह सिकरवार, विधायक साहब सिंह गुर्जर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव, ग्रामीण […]

You May Like