जम्मू 30 अप्रैल (वार्ता) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को यहां श्रीनगर-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस की जम्मू तक विस्तारित सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, स्थानीय प्रतिनिधि और रेलवे के अधिकारी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे। गौरतलब है कि यह ट्रेन पहले श्रीनगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक चलती थी, अब श्रीनगर से जम्मू तवी तक चलेगी। इस तरह से देश की सबसे आधुनिक ट्रेन सीधे जम्मू-कश्मीर के सबसे बड़े शहर और रेलवे केंद्र तक पहुँच जाएगी।
इस मौके पर श्री वैष्णव कहा, “इस ट्रेन को पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कटरा से हरी झंडी दिखाई थी और यह कटरा से श्रीनगर जाती थी। आज इस ट्रेन की सेवा का विस्तार किया गया है। अब यह ट्रेन जम्मू से श्रीनगर तक बढ़ायी जा रही है। पहले इसमें आठ कोच थे, जिनकी संख्या अब बढ़ाकर 20 कर दी गयी है।”
वहीं, श्री अब्दुल्ला ने कहा, “इस अवसर पर मैं श्री वैष्णव और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करता हूँ। आज, हमने रेलवे के माध्यम से जम्मू को कश्मीर से जोड़ दिया है। आठ कोचों से बढ़ाकर 20 कोचों वाली यह ट्रेन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब और भी अधिक लोग आसानी से यात्रा कर सकेंगे।”
डॉ. सिंह ने कहा, “जम्मू रेलवे स्टेशन पर नयी 20-कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिससे इस इलाके में रेल सम्पर्क को काफी बढ़ावा मिला है। इस मौके पर श्री वैष्णव, श्री अब्दुल्ला और दूसरे गणमान्य लोग मौजूद थे। 20 कोच का जुड़ना मॉडर्न, हाई-स्पीड रेल यात्रा की बढ़ती मांग को दिखाता है और यात्रियों की क्षमता, आराम और अवसंरचना को बेहतर बनाने के सरकार के वादे को और पक्का करता है।”
