हैदराबाद, 30 अप्रैल (वार्ता) तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में धान खरीद प्रणाली पूरी तरह चरमरा गयी है, जिससे किसान गंभीर संकट में फंस गये हैं।
श्री राव ने भुवनगिरि मंडल के हनमापुर स्थित खरीद केंद्रों के दौरे के दौरान भाजपा किसान मोर्चा नेताओं के साथ किसानों से बातचीत में कहा कि राज्य सरकार की लापरवाही और प्रशासनिक विफलता के कारण किसानों की उपज खुले में खराब हो रही है।
किसानों ने शिकायत की कि पिछले लगभग 10 दिनों से न तो ट्रकों की उपलब्धता है, न तौल व्यवस्था, और न ही फसल को बचाने के लिए तिरपाल जैसी बुनियादी सुविधाएं मौजूद हैं। इसके चलते कटे हुए धान में अंकुरण शुरू हो गया है, जिससे उसकी गुणवत्ता और बाजार मूल्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
श्री राव ने नलगोंडा जिले की उस हालिया घटना का भी उल्लेख किया जिसमें एक आईकेपी केंद्र प्रभारी ने कथित तौर पर मिलरों और अधिकारियों के दबाव में आत्महत्या का प्रयास किया था। उन्होंने इसे राज्य की खरीद व्यवस्था की “भयावह स्थिति” का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य, परिवहन, बोरे, तिरपाल और अन्य खरीद संबंधी खर्चों के लिए वित्तीय सहायता देती है। ऐसे में सवाल यह है कि राज्य सरकार सुचारु खरीद सुनिश्चित क्यों नहीं कर पा रही।
श्री राव ने कांग्रेस पर किसानों से किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि खरीद केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव किसानों के साथ अन्याय है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मिलर, बिचौलिए और अधिकारी मिलकर किसानों के हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं। विशेष रूप से आदिलाबाद के मक्का उत्पादकों की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां किसानों को उचित मूल्य तक नहीं मिल पा रहा।
भाजपा नेता ने किसानों से हिम्मत न हारने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने सभी उपज, पर्याप्त ट्रकों, बोरे, पेयजल और आश्रय की व्यवस्था की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और कृषि मंत्री थुम्मला नागेश्वर राव ने शीघ्र हस्तक्षेप नहीं किया, तो भाजपा किसान मोर्चा राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगा।
राज्य में खरीद सीजन के बीच यह मुद्दा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि कृषि और किसान हित तेलंगाना की राजनीति के केंद्र में बने हुए हैं।
