नयी दिल्ली, 09 अक्टूबर (वार्ता) सौराष्ट्र ने स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को छत्तीसगढ़ के खिलाफ रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले मैच के लिए अपनी 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया है। अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट टीम की कप्तानी करेंगे।
जडेजा हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की 2-1 से वनडे सीरीज जीत का हिस्सा थे, जहां उन्होंने दो मैचों में दो विकेट लिए, लेकिन उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। रणजी ट्रॉफी इस बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर को अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के दो टेस्ट मैचों के दौरे से पहले अपनी रेड-बॉल लय हासिल करने का मौका देगी। टेस्ट सीरीज वेलिंग्टन में 19-23 नवंबर तक शुरू होगी, जिसके बाद दूसरा मैच क्राइस्टचर्च में 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक खेला जाएगा।
सौराष्ट्र अपने अभियान की शुरुआत 11 अक्टूबर को राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में करेगा। पूर्व चैंपियन टीम को एलीट ग्रुप बी में आंध्र, असम, छत्तीसगढ़, हैदराबाद, कर्नाटक, पंजाब और त्रिपुरा के साथ रखा गया है। सौराष्ट्र ने पिछले सीज़न की टीम से 14 खिलाड़ियों को बरकरार रखा है, जबकि तेज़ गेंदबाज़ नील पांड्या और ऑलराउंडर अर्थ यादव दो नए खिलाड़ी हैं। टीम 2025-26 सीज़न में ग्रुप-स्टेज से बाहर होने के अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहेगी।
उनादकट ससेक्स के साथ शानदार प्रदर्शन के बाद तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान संभालेंगे, जहां उन्होंने सात मैचों में 22.21 की औसत से 28 विकेट लिए थे। उनके प्रदर्शन में हैम्पशायर के खिलाफ 5/32 के आंकड़े के साथ एक बार पांच विकेट और दो बार चार विकेट लेना शामिल था।
सौराष्ट्र, जिसने उनादकट की कप्तानी में 2019-20 और 2022-23 में रणजी ट्रॉफी जीती थी, के आक्रमण में बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ चेतन सकारिया भी शामिल होंगे। हार्विक देसाई विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि बल्लेबाजी लाइन-अप में अनुभवी खिलाड़ी अर्पित वासवदा, चिराग जानी और जय गोहिल शामिल हैं।
इस सीजन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले बाएं हाथ के स्पिनर धर्मेंद्रसिंह जडेजा के जाने से पार्थ भुट पर स्पिन विभाग में बड़ी जिम्मेदारी आ गई है।
सौराष्ट्र रणजी टीम: जयदेव उनादकट (कप्तान), रवींद्र जड़ेजा, हार्विक देसाई (विकेटकीपर), अर्पित वासवदा, चिराग जानी, प्रेरक मांकड़, जय गोहिल, चेतन सकारिया, अंकुर पंवार, सम्मर गज्जर, पार्थ भूत, विश्वराजसिंह जाडेजा, हेतविक कोटक, नील पंड्या, और अर्थ यादव, तरंग गोहेल।
