
भोपाल। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला से सोमवार को दावोस में विभिन्न वैश्विक एवं राष्ट्रीय प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भेंट कर प्रदेश की निवेश संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान नवीकरणीय ऊर्जा, विनिर्माण, पर्यटन, मीडिया तथा औद्योगिक सहयोग के विविध पहलुओं पर सार्थक संवाद हुआ।
जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन
संवाद के दौरान जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन (JBIC) के प्रतिनिधि निदेशक एवं कार्यकारी प्रबंध निदेशक हाशियामा शिगेटो के साथ मध्यप्रदेश में JBIC द्वारा समर्थित परियोजनाओं पर चर्चा हुई। साथ ही विनिर्माण क्षेत्र की नीतियों, येन ऋण, सहयोगात्मक टाई-अप, सौर ऊर्जा सहित नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्रों में संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। मंत्री श्री शुक्ला ने प्रदेश की कृषि क्षमता, भूमि की उपलब्धता और समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों की जानकारी देते हुए नवीकरणीय ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण, फार्मास्यूटिकल, रसायन एवं वस्त्र उद्योगों में निवेश की व्यापक संभावनाओं की जानकारी दी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अधिकारियों के साथ प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में चल रही एवं संभावित साझेदारियों पर चर्चा की गई। विशेष रूप से चंबल अंचल में बायो-एनर्जी परियोजनाओं को लेकर गहन मंथन हुआ।
जियोस्टार
जियोस्टार के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में मध्यप्रदेश के पर्यटन एवं यात्रा स्थलों की वीडियो और ऑडियो डॉक्यूमेंटेशन के माध्यम से ब्रांडिंग पर चर्चा हुई। नेशनल जियोग्राफिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों के जरिए प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक सुंदरता को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने की संभावनाओं पर सहमति बनी।
ब्लूमबर्ग मीडिया
ब्लूमबर्ग मीडिया की प्रबंध निदेशक सुश्री सुनीता राजन के साथ प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय व्यापार तथा नीति जगत के प्रमुख हितधारकों से जोड़ने पर चर्चा की गई। इस अवसर पर अक्टूबर माह में भारत में आयोजित होने वाले ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति प्रस्तावित है, मध्यप्रदेश के प्रतिनिधित्व की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
आईआरईडीए
भारतीय नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (आईआरईडीए) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक प्रदीप कुमार दास ने नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े वर्तमान एवं भावी परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। चर्चा के दौरान सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, बायो-एनर्जी सहित अन्य नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के क्रियान्वयन, वित्तीय सहयोग तथा भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। प्रदेश में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए आईआरईडीए की भूमिका पर भी चर्चा हुई।
आईआरईडीसी को मध्यप्रदेश की अनुकूल नीतियों, पर्याप्त भूमि उपलब्धता एवं निवेश के लिए अनुकूल वातावरण की जानकारी दी गई। इस अवसर पर यह भी कहा गया कि राज्य सरकार नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। दोनों पक्षों ने परस्पर सहयोग को और मजबूत करने तथा मध्यप्रदेश को नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने पर सहमति व्यक्त की।
टेक महिंद्रा
टेक महिंद्रा के अध्यक्ष हर्षुल असनानी के साथ बैठक कर प्रदेश में कंपनी की संभावित एंट्री एवं विस्तार को लेकर चर्चा की। बैठक का मुख्य फोकस टियर-2 शहरों में आईटी और बीपीओ क्षेत्र के विस्तार के माध्यम से प्रतिभाओं तक बेहतर पहुंच और रोजगार के अवसर सृजित करने पर रहा। चर्चा के दौरान बताया गया कि प्रदेश के शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संस्थानों के साथ मजबूत समन्वय स्थापित कर कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जा सकता है। इससे स्थानीय युवाओं को आईटी और बीपीओ सेक्टर में बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
बैठक में बीपीओ एवं आईटी सेगमेंट में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मध्यप्रदेश के अधिकारियों ने प्रदेश की सुदृढ़ आधारभूत संरचना, बेहतर जीवन गुणवत्ता और कुशल श्रमशक्ति को प्रमुख निवेश आकर्षण के रूप में प्रस्तुत किया। बताया गया कि मध्यप्रदेश आईटी एवं डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से उभरता हुआ राज्य है और निवेशकों को अनुकूल नीतिगत वातावरण एवं सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। दावोस में हुए इस संवाद से प्रदेश में तकनीकी निवेश और रोजगार सृजन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि मध्यप्रदेश निवेशकों के लिए अनुकूल नीतियों, स्थिर प्रशासन और संसाधनों की प्रचुरता के कारण तेजी से उभरता निवेश गंतव्य बन रहा है। ऐसे संवाद प्रदेश के सतत विकास और हरित ऊर्जा के लक्ष्यों को गति देने में सहायक सिद्ध होंगे।
