ग्वालियर: महाराजपुरा इलाके में एक घंटे के भीतर गोलीबारी की दो घटनाएं हुईं हैं। पहली घटना महाराजपुरा गांव में हुई, जहां घर के बाहर बैठे 21 वर्षीय छात्र आकाश गुर्जर को बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उसकी जांघ में लगी। परिजन घायल को तत्काल अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। इसके एक घंटे बाद दूसरी घटना आदित्यपुरम में हुई, जहां तीन बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर फायरिंग की। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महाराजपुरा थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि आकाश पुत्र बृजेंद्र गुर्जर ग्रेजुएशन का छात्र है। वह अपने घर के बाहर बैठा था। पास में गांव के अन्य लोग भी मौजूद थे। तभी दो नकाबपोश युवक अलग-अलग बाइकों पर आए और आकाश पर गोली चला दी। इसके बाद उन्होंने हवा में भी एक फायर किया और मौके से भाग गए।
आकाश ने पुलिस को बताया कि उसे तीन लोगों पर शक है। इनमें पहला नाम प्रिंस सिंह का है, जो भगत सिंह नगर का निवासी है। दो दिन पहले एक युवती को लेकर दोनों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। आकाश को संदेह है कि इसी रंजिश के चलते प्रिंस ने हमला करवाया।
इसके अलावा, आकाश के परिवार का विनोद गुर्जर और रामवीर गुर्जर से ज़मीन को लेकर विवाद चल रहा है। आकाश का कहना है कि वे पहले भी उसे धमका चुके हैं। पुलिस फिलहाल इन तीनों के खिलाफ जांच कर रही है। दो टीमें संभावित आरोपियों की तलाश में भेजी गई हैं।महाराजपुरा थाना क्षेत्र के ही आदित्यपुरम जनकपुरी में दूसरी गोलीबारी की घटना हुई। यहां के निवासी आरिफ गनी पुत्र अफजल गनी के घर के बाहर फायरिंग की गई। हमला हिमेश भदौरिया और उसके दो नकाबपोश साथियों द्वारा किया गया।
