
बुधनी/ शाहगंज। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को शाहगंज में शासकीय सांदीपनी स्कूल के नव-निर्मित भवन का लोकार्पण किया.
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस सांदीपनी स्कूल से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधा मिलेगी. उन्होंने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे के मस्तिष्क में अनंत चेतना और शक्ति का भंडार छिपा हुआ है, बस आवश्यकता है उसे पहचानने की. जो बच्चे निरंतर मेहनत और लगन के साथ अपनी ऊर्जा का सदुपयोग करते हैं, वे निश्चित रूप से बड़े-बड़े कार्य कर जाते हैं. उन्होंने कहा कि यदि हम अपने मस्तिष्क की पूर्ण ऊर्जा का उपयोग कर लें तो इस दुनिया में चमत्कार करके दिखा सकते हैं. इस दौरान उन्होंने बच्चों को गायत्री मंत्र का अर्थ भी सरल शब्दों में समझाया.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा गरीबी या आर्थिक कमजोरी के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित न रहे. इसी उद्देश्य से इस प्रकार के विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है और प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना संचालित की जा रही है, जिसके अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा की फीस सरकार द्वारा वहन की जाती है. मंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, पथ विक्रेताओं को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ, आवास हेतु आर्थिक सहायता सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नागरिकों को प्रदान किया जा रहा है. जो पात्र नागरिक इन योजनाओं से वंचित रह गए हैं, उन्हें लाभान्वित करने के लिए कार्य किया जा रहा है.
मंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस सांदीपनी स्कूल में बच्चों को शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. विगत वर्षों के बोर्ड परीक्षा परिणामों की सराहना करते हुए प्राचार्य एवं शैक्षणिक स्टाफ से कहा कि नवीन भवन में यह प्रयास किया जाए कि परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत हों. उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र में 10 वीं एवं 12 वीं की परीक्षाओं में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रेम सुंदर सम्मान से सम्मानित किया जाएगा. साथ ही सम्मान निधि के रूप में राशि भी प्रदान की जाएगी. कार्यक्रम में विधायक रमाकांत भार्गव सहित राजेंद्र सिंह राजपूत, श्रीमती निर्मला बारेला, रघुनाथ भाटी, रवि मालवीय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
