अहमदाबाद, 30 जनवरी (वार्ता) जापान की प्रमुख साख निर्धारण एजेंसी जापान क्रेडिट रेटिंग एजेंसी (जेसीआर) ने अडानी समूह की तीन कंपनियों – अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन, अडानी ग्रीन एनर्जी और अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस – की रेटिंग शुरू कर दी है।
जेसीआर ने इन तीनों कंपनियों को विदेशी मुद्रा में लंबे समय तक की क्रेडिट रेटिंग दी है और सभी के लिए आउटलुक ‘स्थिर’ रखा है। यह अडानी समूह की मजबूत वित्तीय साख को और भी बेहतर करेगी।
जेसीआर ने अडानी पोर्ट्स को ए- (स्थिर) रेटिंग दी है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है कि किसी अंतर्राष्ट्रीय साख एजेंसी द्वारा किसी भारतीय कंपनी को देश से ऊपर की रेटिंग मिलना बहुत दुर्लभ माना जाता है।
अडानी ग्रीन एनर्जी और अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस को बीबीबी (स्थिर) रेटिंग दी गई है। यह रेटिंग देश को दी गयी रेटिंग के बराबर है।
अडानी समूह के मुख्य वित्तीय अधिकारी जुगेशिंदर सिंह ने कहा, “ये महत्वपूर्ण रेटिंग्स वित्तीय अनुशासन, मजबूत बैलेंस शीट और हमारे विविध इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म पर विश्वस्तरीय कामकाज के प्रति अडानी समूह की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। ये हमारे बिजनेस मॉडल की मजबूती और स्थिरता को साबित करती हैं और यह भी दिखाती हैं कि वैश्विक ऋणदाता, संस्थागत निवेशक और पूंजी बाजार हमारी दीर्घकालिक रणनीति पर भरोसा करते हैं। यह मान्यता देश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में हमारे प्रमुख साझेदार की भूमिका को और मजबूत करती है तथा सतत और उच्च गुणवत्ता वाली वृद्धि के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दोहराती है।”
