शहर में जलापूर्ति ठप, टैंकरों के सहारे बुझ रही जनता की प्यास

सतना: शहर में पेयजल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है. कई महीनों से जारी पानी की समस्या के बीच शहर के विभिन्न वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं होने से रहवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. नलों से पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को टैंकरों और अन्य वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है.
शहर के उतैली स्थित वार्ड क्रमांक 22 के प्रधानमंत्री आवास योजना परिसर में जल संकट की स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर बनी हुई है. यहां पानी की मांग को देखते हुए करीब छह टैंकर भेजे गए. इसके अलावा वार्ड क्रमांक 27 में दो, वार्ड क्रमांक 35 में एक तथा नजीबाबाद क्षेत्र में एक टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया गया. इसके बावजूद घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पानी की जरूरत के मुकाबले टैंकरों से होने वाली आपूर्ति पर्याप्त साबित नहीं हो रही है. टैंकर पहुंचते ही पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ जुट जाती है. जिससे पानी प्राप्त करने में भी परेशानी होती है.
वार्ड क्रमांक 22 में पिछले कई महीने से नलों में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद बताई जा रही है. ऐसे में रहवासियों को दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है. वहीं मातृछाया गली और मैहर बायपास से लगे क्षेत्रों में भी लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है.
इसी तरह संजीवनी क्लीनिक के पास, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और बद्रीपुरम स्थित हरिजन बस्ती में भी नियमित रूप से पानी नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं. स्थानीय नागरिकों के अनुसार, पेयजल की समस्या के चलते परिवार के सदस्यों को रोजमर्रा के काम छोड़कर पानी की व्यवस्था करने में समय लगाना पड़ रहा है.
शहर के कई इलाकों में लंबे समय से बनी इस समस्या के बीच नियमित जलापूर्ति बहाल करना और जल वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करना नगर प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है.

इनका कहना

नगर निगम को पत्र लिखी हूँ इसके बावजूद हमारे वार्ड की समस्या में कोई सुधार नहीं हुआ यहाँ लगभग 6 महीनों से पानी की समस्या बनी हुई है और टैंकरों से पानी की सप्लाई की जा रही.

सुनीता राजेंद्र कुशवाहा
पार्षद वार्ड 22

हरिजन बस्ती में पानी की समस्या पिछले पाँच वर्षों से बनी हुई है हमने कई बार नगर निगम को अवगत कराया इसके बावजूद भी अभी तक समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ.

मोहम्मद तारिक रज़ा
पार्षद वार्ड 35

Next Post

शहरों में क्यों बढ़ रही छोटी इलेक्ट्रिक कारों की चर्चा? जानें क्या हैं इसके फायदे

Wed Oct 14 , 2026
मुंबई, बेहद छोटी इलेक्ट्रिक कारें शहरी मोबिलिटी के एक नए विकल्प के रूप में चर्चा में हैं। वहीं इन गाड़ियों का मकसद छोटी दूरी के सफर को आसान और ऊर्जा की खपत को कम करना भी है। बढ़ता ट्रैफिक, पार्किंग की परेशानी और रोजाना आने-जाने का खर्च शहरी लोगों के […]

You May Like

Play sound