हैदराबाद 11 जुलाई (वार्ता) रेल तथा इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी (मेइटी) मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देश के आईटी उद्योग से समस्याओं के बेहतर समाधान निकालने और आईटी उद्योग को ‘सॉफ्टवेयर एज़ ए सर्विस’ (एसएएस) से अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के युग में ‘एआई एज़ ए सर्विस’ की ओर बढ़ने का आह्वान किया है। श्री वैष्णव ने शनिवार को यहां बौद्धिक लोगों के एक सम्मेलन में कहा कि भारत के आईटी उद्योग ने दुनिया के लिए आईटी सेवा समाधान दे कर अपनी पहचान और भरोसा बनाया है। इस क्षेत्र को अब और अच्छे समाधान खोजने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने इसी संदर्भ में कहा कि पहले साफ्टवेयर को समाधान के रूप में (सॉफ्टवेयर एज़ ए सर्विस) प्रस्तुत किया जाता था लेकिन अब एआई के जरिए समाधान निकाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “भारत के आईटी उद्योग को ‘सॉफ्टवेयर एज़ ए सर्विस’ से ‘एआई एज़ ए सर्विस’ की ओर बढ़ना होगा। हमारी सबसे बड़ी ताकत वह भरोसा है जो हमने दुनिया भर में समाधान देकर बनाया है। एआई भारत के लिए अगला बड़ा मौका है।” उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के देश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण को बढ़ावा देने के कार्यक्रम के तहत सौ से ज़्यादा इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण कंपनियों को विशेष प्रोत्साहन दिया है, जिससे तेलंगाना राज्य को भी बहुत फ़ायदा हुआ है।
अपने संबोधन में उन्होंने देश के विभिन्न क्षेत्रों में नयी-नयी रेल परियोजनाओं की मंजूरी का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हैदराबाद को तीन उच्च गति ( बुलेट) ट्रेन गलियारे दिये हैं, जो इस शहर की तस्वीर बदलेंगे। उन्होंने कहा कि पुणे से हैदराबाद, हैदराबाद से चेन्नई और हैदराबाद से बेंगलुरु के बीच विकसित किये जोने वाले उच्च गति के रेल गलियारे पूरे इलाके के लिए ‘गेम-चेंजर’ साबित होंगे। इसमें हैदराबाद उच्च गति ट्रेन का एक केंद्र बन जाएगा और इलाके का बड़ा विकास होगा।
उन्होंने कहा कि उच्च गति रेल गलियारे के शुरू हो जाने के बाद यात्रा के समय में काफी कमी आएगी। हैदराबाद से अमरावती में लगभग 70 मिनट, हैदराबाद से चेन्नई में करीब तीन घंटे, हैदराबाद से बेंगलुरु में लगभग दो घंटे 35 मिनट, हैदराबाद से पुणे में करीब दो घंटे और हैदराबाद से मुंबई में लगभग दो घंटे 50 मिनट लगेंगे। श्री वैष्णव ने कहा , “प्रधानमंत्री श्री मोदी ने तेलंगाना में रेल नेटवर्क के विकास के लिए 5,400 करोड़ रुपये का बजट दिया है। इससे राज्य में बहुत बड़ा बदलाव आ रहा है।”

