दक्षिण कोरिया के नियामक ने गूगल, एप्पल को ऐप मार्केट नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया

सियोल, 12 अगस्त (वार्ता) दक्षिण कोरिया के मीडिया नियामक ने बुधवार को गूगल और एप्पल को देश के दूरसंचार कानून का उल्लंघन करने का दोषी पाया।

नियामक ने कहा कि दोनों अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनियों ने ऐप बाजार में अपनी प्रभावशाली स्थिति का दुरुपयोग किया।

सियोल स्थित योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार, कोरिया मीडिया कम्युनिकेशंस कमीशन ने अपनी नियमित बैठक में यह निर्णय लिया। हालांकि, दोनों कंपनियों के खिलाफ लगायी जाने वाली कार्रवाई और दंड की राशि का निर्धारण बाद में किया जाएगा।

यह मामला दक्षिण कोरिया के दूरसंचार कारोबार कानून में 2021 में किए गए संशोधन से जुड़ा है। इस संशोधन का उद्देश्य बड़े ऐप मार्केट संचालकों को डेवलपरों पर अपने ही इन-ऐप भुगतान तंत्र का इस्तेमाल अनिवार्य करने से रोकना था।

संशोधन के बाद गूगल और एप्पल ने उपयोगकर्ताओं को तीसरे पक्ष के भुगतान तंत्र के माध्यम से खरीदारी करने की अनुमति दी। हालांकि, दोनों कंपनियों ने वैकल्पिक भुगतान माध्यमों से की गयी खरीदारी पर करीब 26 प्रतिशत लेनदेन शुल्क लगाया।

नियामकों और ऐप डेवलपरों ने इन शुल्कों की आलोचना की और तर्क दिया कि इससे कानून में किए गए संशोधन का मूल उद्देश्य प्रभावी रूप से कमजोर हो गया। दक्षिण कोरिया प्रमुख ऐप स्टोर संचालकों द्वारा अनिवार्य इन-ऐप भुगतान प्रणाली के इस्तेमाल पर कानूनी प्रतिबंध लगाने वाला दुनिया का पहला देश बना था।

अक्टूबर 2023 में दक्षिण कोरिया के मीडिया नियामक ने गूगल और एप्पल की भुगतान व्यवस्था को लेकर अधिकतम संभव जुर्माना लगाने की योजना की चेतावनी दी थी। हालांकि, नियामक ने अब तक दोनों कंपनियों पर उन दंडों को लागू नहीं किया है।

Next Post

गोयल ने व्यापारियों से की भारतीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर ले जाने की अपील

Wed Aug 12 , 2026
नयी दिल्ली 12 अगस्त (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को देश के व्यापारियों से व्यापार में उचित तौर-तरीके अपनाकर और पिछले कुछ समय में हुए व्यापार समझौतों का लाभ उठाकर देश ही नहीं दुनिया के लिए “मेक इन इंडिया” उत्पाद बनाने की अपील की। श्री गोयल […]

You May Like