गोयल ने व्यापारियों से की भारतीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर ले जाने की अपील

नयी दिल्ली 12 अगस्त (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को देश के व्यापारियों से व्यापार में उचित तौर-तरीके अपनाकर और पिछले कुछ समय में हुए व्यापार समझौतों का लाभ उठाकर देश ही नहीं दुनिया के लिए “मेक इन इंडिया” उत्पाद बनाने की अपील की।

श्री गोयल ने यहां भारत मंडपम में भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ‘स्वदेशी’ की परिभाषा देश में अपने नागरिकों के खून-पसीने से निर्मित उत्पाद के रूप में दी और कहा कि देश के लोगों ने चुनौतियों को अवसरों में परिवर्तित करने और अधिक सशक्त बनकर उभरने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है। उन्होंने यात्रियों, लघु एवं मध्यम उद्यमों, स्टार्टअप्स, किसानों, मछुआरों, श्रमिकों और उद्यमियों की सामूहिक शक्ति पर प्रकाश डाला और कहा कि यह शक्ति भारत को अपने उत्पादों और सेवाओं को विश्व स्तर पर ले जाने में सहायक होगी।

उन्होंने भारतीय कंपनियों से सीमित बाजारों से आगे बढ़कर स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को वैश्विक बाजारों तक ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों में भारतीय उपभोक्ताओं की अधिक भागीदारी से नये अवसर पैदा होंगे, उत्पादन और व्यापार बढ़ेगा, व्यापक स्तर पर उत्पादन से लाभ होगा और भारतीय कंपनियां अधिक प्रतिस्पर्धी बनेंगी।

वाणिज्य मंत्री ने कहा कि विभिन्न देशों/आर्थिक क्षेत्रों के साथ हुए नौ मुक्त व्यापार समझौतों ने भारतीय उद्योगों और व्यवसायों के लिए बाजार खुल गये हैं। अंतरराष्ट्रीय व्यापार अब भारत को तरजीही पहुंच प्रदान करता है। उन्होंने इस दौरान भारतीय उत्पादों तथा सेवाओं को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने में भारतीय लघु एवं मध्यम उद्यमों, कर्मचारियों, मछुआरों, किसानों, उद्यमियों और सेवा क्षेत्र के योगदान को रेखांकित किया।

भारत की गुणवत्ता, डिजाइन क्षमताओं और ब्रांड का सम्मान करते हुए ‘मेक इन इंडिया’ को सुदृढ़ करने के लिए श्री गोयल ने सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था का आकार वर्तमान में लगभग चार लाख करोड़ डॉलर है और वर्ष 2047 तक 30 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है। इस तरह के बड़े विकास के अवसर के लिए व्यवसायों, उद्यमियों और नागरिकों की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।

निर्यात में हुई वृद्धि का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात 863 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इसमें 442 अरब डॉलर का वस्तु निर्यात और 421 अरब डॉलर का सेवा निर्यात शामिल है। उन्होंने कहा कि पिछले छह साल में निर्यात लगभग 73 प्रतिशत बढ़ा है और चालू वर्ष के लिए निर्यात लक्ष्य 1,000 अरब डॉलर रखा गया है। चालू वर्ष के पहले चार महीने (अप्रैल से जुलाई) के दौरान निर्यात में लगभग 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी।

श्री गोयल ने कहा कि आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय विकास साथ-साथ चलते हैं। नागरिकों को स्वयं परिवर्तन का हिस्सा बनना होगा और देश की आत्मनिर्भरता की यात्रा में योगदान देना होगा। उन्होंने पिछले 12 साल में शुरू की गयी विभिन्न पहलों जैसे डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड-अप इंडिया और व्यापक स्तर पर अवसंरचना विकास का उल्लेख किया जिनसे उद्योग और व्यवसाय को मजबूती मिली और युवाओं के लिए अवसर सृजित हुए।

श्री गोयल ने कहा कि सुधार प्रक्रिया में बेहतरी, परिवर्तन और निष्पादन शामिल हैं। सभी हितधारकों की यह जिम्मेदारी है कि वे अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करें और अपने काम के माध्यम से देश को विश्व के सामने प्रस्तुत करें।

केंद्रीय मंत्री ने कंपनियों और उद्यमियों से अपने कारोबार को डिजिटाइज़ करने, बेहतर विनिर्माण प्रक्रियाओं को अपनाने और उचित व्यापार प्रथाओं का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन के संदर्भ में स्थिरता के महत्व पर बल दिया और पुनर्चक्रण, पुन: उपयोग तथा चक्रीय अर्थव्यवस्था पर अधिक ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे न केवल ‘मेक इन इंडिया’ को वैश्विक पहचान मिलेगी बल्कि भारत की गुणवत्ता, डिजाइन क्षमताओं और ब्रांड के प्रति सम्मान भी स्थापित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन सामूहिक प्रयासों के माध्यम से भारतीय उत्पाद और प्राकृतिक संसाधन वैश्विक स्तर पर विश्वसनीय बनेंगे।

उन्होंने कहा कि कहा कि सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में वृद्धि से स्वाभाविक रूप से उत्पादन बढ़ेगा और रोजगार के अवसर सृजित होंगे। विदेशों में शिक्षा पूरी करने के बाद भारत लौटने वाले या कौशल विकास केंद्रों के माध्यम से नये कौशल प्राप्त करने वाले युवा उभरती चुनौतियों का समाधान करने के लिए नये उपाय लाएंगे।

भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 भारत मंडपम में 15 अगस्त तक चलेगा। इसका आयोजन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (आईटीपीओ) द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कैट की रणनीतिक सलाहकार स्मृति ईरानी, स्वदेशी जागरण मंच के वरिष्ठ नेता कश्मीरी लाल, कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीन खंडेलवाल सहित देशभर से आये हजारों व्यापारी उपस्थित रहे।

श्रीमती ईरानी ने कहा कि देश के व्यापारियों को कभी भी ‘छोटा व्यापारी’ नहीं कहा जाना चाहिये, क्योंकि देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन और सामाजिक स्थिरता में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी द्वारा प्रारंभ की गयी प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, डिजिटल इंडिया और अन्य अनेक योजनाओं ने करोड़ों व्यापारियों तथा उद्यमियों को नये अवसर और आत्मविश्वास प्रदान किया है।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 भारतीय व्यापारिक समुदाय के इतिहास में एक अहम आयोजन है। यह आयोजन केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि देश के करोड़ों व्यापारियों, सुक्ष्म, लघु एवं मध्य उद्यम (एमएसएमई), स्टार्टअप्स, निर्माताओं और उद्यमियों को ‘वोकल फॉर लोकल’ से ‘लोकल टू ग्लोबल’ की यात्रा से जोड़ने वाला एक राष्ट्रीय अभियान है।

उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और समृद्धि के नये आयाम स्थापित कर रहा है। छोटे व्यापारियों, एमएसएमई और भारतीय निर्माताओं के लिए वैश्विक बाजारों के द्वार खुले हैं और भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभूतपूर्व अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

श्री प्रसाद ने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर अत्यंत मजबूत स्थिति में खड़ा है। सरकार की उद्योग और व्यापार समर्थक नीतियों ने भारतीय व्यवसायों के लिए अभूतपूर्व अवसर पैदा किये हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों ने भारतीय व्यापारियों, निर्यातकों और एमएसएमई को वैश्विक बाजारों तक पहुंचने के लिए नये पंख दिये हैं। आज दुनिया के अनेक देश भारत के साथ आर्थिक साझेदारी को प्राथमिकता दे रहे हैं, जो भारत की बढ़ती आर्थिक और कूटनीतिक ताकत का प्रमाण है।

 

 

Next Post

शाह 15 अगस्त को उदयपुर आयेंगे

Wed Aug 12 , 2026
उदयपुर, 12 अगस्त (वार्ता) केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 15 अगस्त को रात्रि उदयपुर पहुंचेंगे और यहां सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि श्री शाह दूसरे दिन निम्बाहेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार श्री शाह 16 अगस्त को […]

You May Like