
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में राजभाषा के उपयोग को बढ़ावा देने और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग के उद्देश्य से आयोजित पांच दिवसीय गहन अनुवाद प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हो गया।
समापन सत्र की अध्यक्षता महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टी.यू. सिंह ने की। इस अवसर पर केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो से आए सहायक निदेशक मोहन चंद्र बहुगुणा एवं गौतम शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रबंधक (राजभाषा) पूनम साहू भी मौजूद थीं।
अपने संबोधन में टी.यू. सिंह ने कर्मचारियों से अपील की कि वे ई-मेल, ई-ऑफिस और अन्य कार्यालयीन कार्यों सहित सभी आधिकारिक कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक उपयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को विभागों के अन्य कर्मचारियों के साथ भी साझा किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक कर्मचारी इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने अनुशासन एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए संगठन को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए पूनम साहू ने भाषा के व्यापक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विकास में प्रभावी योगदान के लिए विभिन्न भाषाओं का ज्ञान आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट अर्थ वाले अनुवाद पर बल देते हुए प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में सीखी गई बातों का कार्यस्थल पर व्यवहारिक उपयोग करने का आग्रह किया।
