
इटारसी। भारतीय किसान संघ तहसील इटारसी ने गेहूं उपार्जन में किसानों को आ रही समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी नीलेश शर्मा को सौंपा। तहसील अध्यक्ष श्यामशरण तिवारी के नेतृत्व में किसानों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। तहसील उपाध्यक्ष राजेश साध ने बताया कि किसान खरीदी केंद्रों पर लंबी कतारों में खड़े हैं, जबकि एफएक्यू मापदंड के नाम पर उपज फेल की जा रही है। कई केंद्रों पर वेयरहाउस भर जाने से किसानों को वापस लौटना पड़ रहा है, जिससे वे कम कीमत पर मंडियों में गेहूं बेचने को मजबूर हैं। ज्ञापन में हम्मालों की व्यवस्था, समय पर भुगतान, सर्वर समस्या का समाधान, वैकल्पिक वेयरहाउस, ओटीपी से भुगतान, तौल कांटों की जांच और दोबारा स्लॉट बुकिंग जैसी मांगें रखी गईं। किसान संघ ने चेतावनी दी कि तीन दिन में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जिला मुख्यालय पर आंदोलन किया जाएगा।
