5 से 10 हजार रुपए में बेच देते थे बैंक खाते, 18 लाख की साइबर ठगी का खुलासा

इंदौर. चंद हजार रुपए के लालच में अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने वाले दो युवकों को तुकोगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी महज 5 से 10 हजार रुपए लेकर बैंक खाते उपलब्ध कराते थे. जांच में उनके बैंक खाते में देश के अलग अलग राज्यों में हुई साइबर ठगी की 18 लाख 12 हजार 411 रुपए की रकम आने की जानकारी सामने आई है. इनमें तेलंगाना और कर्नाटक राज्यों से जुड़ी साइबर शिकायतें भी शामिल हैं.

पुलिस ने ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 के तहत मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच शुरू की थी. थाना तुकोगंज में पदस्थ उपनिरीक्षक विशाल परिहार को राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से इस संबंध में पत्र प्राप्त हुआ था. जांच के दौरान इंडियन बैंक की आरएनटी मार्ग स्थित श्रीवर्धन कॉम्प्लेक्स शाखा के एक खाते की जानकारी सामने आई. पुलिस ने जब खाते की पड़ताल की तो पता चला कि इसका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए म्यूल बैंक खाते के रूप में किया जा रहा था. जांच में खाते में देश के विभिन्न राज्यों से हुई साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों से संबंधित 18 लाख 12 हजार 411 रुपए की राशि प्राप्त होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने खाते से जुड़े हरेंद्र सिंह पटेल उम्र 21 साल, निवासी नंदबाग कॉलोनी और अमित जायसवाल उम्र 19 साल, निवासी जयराज नगर, नंदबाग कॉलोनी के पास को गिरफ्तार किया. मामले में थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह चौहान ने बताया आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके.

पूछताछ में सामने आएगा नेटवर्क…

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने बैंक खाते 5 से 10 हजार रुपए लेकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे. इन खातों के जरिए ठगी की रकम प्राप्त की जाती थी और आगे उसका लेन देन किया जाता था. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पता लगा रही है कि उन्होंने अब तक कितने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए हैं और इस नेटवर्क में अन्य कौन कौन लोग शामिल हैं.

Next Post

गांजा एवं नगदी जप्त एक प्रकरण में अलग-अलग स्थान से तीन आरोपी गिरफ्तार

Wed Nov 11 , 2026
(सुनिल योगी)  बागली। (नवभारत) ऑपरेशन प्रहार के तहत बागली पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करी की घर पकड़ के चलते 1 किलो 500 ग्राम गांजा मादक पदार्थ किमत 15000/ रुपये जप्त कर आरोपी अमरसिंह पिता छीतु पंवार जाति शिर्वी उम्र 55 साल निवासी पुंजापुरा थाना बागली जिला देवास को गिरफ्तार किया […]

You May Like