
भोपाल। सीबीआई चंदन की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. फरार आरोपी राजकुमार शर्मा को हरियाणा के बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया गया है. आरोपी मप्र के धामनोद वन क्षेत्र से 15350.55 किलोग्राम चंदन (पेरोकार्पस सैंटालिनस) की तस्करी के मामले में वांछित था.
मप्र सरकार के संदर्भ पर सीबीआई ने 20 अगस्त 2024 को भारतीय वन अधिनियम, 1927 और जैविक विविधता अधिनियम, 2002 के तहत मध्य प्रदेश के धामनोद वन रेंज से 504 टुकड़ों में 15350.55 किलोग्राम चंदन (पेरोकार्पस सैंटालिनस) की तस्करी के मामले में तत्काल मामला दर्ज किया और जांच शुरू की. जांच के दौरान, सीबीआई ने चंदन की तस्करी में शामिल 06 आरोपियों – बक्तवचलम, बी. बालमुर्गन, तमीम अंसारी, शिव कुमार, राजकुमार शर्मा और ईश्वर चंद्र शर्मा – की सफलतापूर्वक पहचान की. जांच पूरी होने पर, सीबीआई ने 20 दिसबंर 2024 को सभी 06 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया. भारतीय दंड संहिता, भारतीय वन अधिनियम, 1927, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 और जैव विविधता अधिनियम, 2002 के तहत अपराधों के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी धरमपुरी जिला धार मप्र के समक्ष पेश किया गया.
अदालत ने सभी फरार आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे. एक विशिष्ट स्रोत से मिली जानकारी के आधार पर, सीबीआई ने आरोपी राजकुमार शर्मा को 17 सितबंर को बहादुरगढ़, हरियाणा से एलडी कोर्ट द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया और उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोर्ट में पेश किया जा रहा है.
