कोलकाता | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर हैं। आज 20 जून को वे हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित ‘पश्चिम बंग दिवस’ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी न केवल कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, बल्कि पीएम-किसान योजना की आगामी किस्त भी सीधे किसानों के खातों में जारी करेंगे।
कृषि क्षेत्र के लिए नई पहल
प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान केंद्र सरकार की कई प्रमुख कृषि योजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे। इनमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के अंतर्गत ‘एग्री स्टैक’, नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना शामिल हैं। सरकार का मानना है कि इन पहलों से राज्य के मेहनती किसानों की आय बढ़ेगी और कृषि क्षेत्र में तकनीकी क्रांति आएगी।
योग दिवस और समुद्री सुरक्षा
दौरे के दूसरे दिन यानी 21 जून को प्रधानमंत्री कोलकाता में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद, वे भारतीय नौसेना के लिए एक विशेष कार्यक्रम में तीन स्वदेशी युद्धपोतों—आईएनएस दुनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रे—को आधिकारिक तौर पर कमीशन करेंगे। इन युद्धपोतों के शामिल होने से भारतीय समुद्री सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का संकल्प और मजबूत होगा।

