
जबलपुर। गढ़ा थाना अंतर्गत शक्ति नगर इलाके में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई जब मकान मालकिन अपने बेटों के साथ इलाज के सिलसिले में पुणे गई हुई थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, शक्ति नगर भोले कुटी के पास निवासी 63 वर्षीय श्रीमती गीता पाण्डेय का बड़ा बेटा ऋतुराज पाण्डेय पुणे में कार्यरत है। ऋतुराज की आंखों में तकलीफ होने के कारण वह कुछ दिन पहले घर आया था। बेटे की सलाह पर गीता पाण्डेय 19 अप्रैल को अपने बड़े बेटे ऋतुराज और छोटे बेटे मृदुपूर्ण पाण्डेय के साथ चेकअप कराने पुणे चली गई थीं। देर रात जब गीता पाण्डेय अपने छोटे बेटे के साथ वापस घर लौटीं, तो नजारा देख दंग रह गईं। घर के मुख्य गेट का ताला तो लगा था, लेकिन भीतर के दरवाजे का कुंडा टूटा हुआ था। अंदर जाने पर देखा कि घर की चारों अलमारियों के ताले टूटे पड़े थे और पूरा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा हुआ था। चोरों ने इत्मीनान से घर खंगाला और अलमारी में रखे कीमती जेवरात समेट लिए। चोरी गए सामान में सोने की बेंदी, दो चूड़ी कड़े, चार अंगूठियां, मंगलसूत्र, एक चैन, कान का सेट, झुमकी और टॉप्स, चांदी की 9 जोड़ी पायल, 20 सिक्के, चांदी की आरती, चैन लॉकेट सहित, बच्चों के कड़े, हाथ के कड़े, बिछिया और अन्य सजावटी सामान गायब था।
