
सिंगरौली । बरगवां थाना क्षेत्र के गड़ेरिया टोल प्लाजा के पास राखड़ और डस्ट लोड हाईवा वाहनों के आवागमन से आमजन की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। आरोप है कि कई वाहन बिना तिरपाल ढके ही राखड़ और डस्ट का परिवहन कर रहे हैं, जिससे मुख्य मार्ग पर धूल का गुबार छाया रहता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क से गुजरने वाले इन भारी वाहनों से उड़ने वाली राखड़ के कारण दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और आसपास के निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धूल के कारण आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी और सड़क पर दृश्यता प्रभावित हो रही है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। लोगों का आरोप है कि कुछ वाहन निर्धारित परिवहन नियमों का पालन किए बिना ओवरलोड और बिना तिरपाल के संचालित किए जा रहे हैं। इस संबंध में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क पर उड़ती राखड़ साफ दिखाई दे रही है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और जिला प्रशासन से मांग की है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा राखड़ और डस्ट के परिवहन में तिरपाल का उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
