
विदिशा। मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने स्मार्ट मीटर अभियान के तहत जिले में 1 लाख 26 हजार 327 स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य रखा है, जिनमें से अब तक 26 हजार 817 मीटर लगाए जा चुके हैं। कंपनी के निदेशक अनिल कुमार खत्री ने बताया कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को पारदर्शी रीडिंग, सटीक बिलिंग और रियल टाइम खपत का डाटा देखने की सुविधा मिलती है. उपाय एप के माध्यम से उपभोक्ता दैनिक, साप्ताहिक और मासिक खपत के साथ अगले महीने के बिल का अनुमान भी लगा सकते हैं. स्मार्ट मीटर हर 15 मिनट में डाटा अपडेट करता है, जिससे उपभोक्ता अपनी बिजली उपयोग की निगरानी कर ऊर्जा बचत कर सकते हैं. शुरुआत में गलत बिलिंग को लेकर विरोध हुआ था, परंतु अब कंपनी ने सभी 105 शिकायतों का समाधान कर दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की है. अधिकारियों के अनुसार, स्मार्ट मीटर व्यवस्था बिजली प्रबंधन में बड़ा सुधार साबित हो रही है.
