जिला अधिवक्ता संघ चुनाव: 80 फीसदी हुआ मतदान

जबलपुर। जिला अधिवक्ता संघ जबलपुर के चुनाव 2026-28 की नई कार्यकारिणी के लिये मंगलवार को दूसरी मर्तबा हुआ मतदान पूर्ण शांति पूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। प्रात: साढ़े दस बजे से प्रारंभ हुआ मतदान शाम साढ़े चार बजे तक चला। जिसमें कुल 3315 मतदाताओं में से 2681 मतदाताओं ने उत्साह और उमंग के साथ अपने मत का प्रयोग किया। इस तरह कुल मतदान 80 फीसदी रहा। वहीं मतों की गिनती आज बुधवार प्रात: 11 बजे से प्रारंभ होगी। जिसमें सर्वप्रथम अध्यक्ष पद के मतों की गिनती की जायेगी। जिसके बाद ही जिला अधिवक्ता संघ का ताज किसके सिर होगा, उसका फैसला हो जायेगा।

गौरतलब है कि जिला अधिवक्ता संघ चुनाव 2026-28 की नई कार्यकारिणी के लिये पूर्व में हुआ मतदान विवादित होने के बाद रद्द कर दिया गया था। जिसके बाद मंगलवार 28 जुलाई को दोबारा मतदान हुआ। जिसके लिये प्रत्याशियों ने सोशल मीडिया सहित फोन कॉल के जरिए मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी दिनेश उपाध्याय व उनकी टीम ने भी पूर्ण व्यवस्थाओं के साथ मतदान को संपन्न कराया। जिसमें सुबह से ही मतदाता अपने मत का प्रयोग करने पूरे उत्साह में नजर आये। वहीं प्रत्याशी और उनके समर्थक भी गेट नंबर-4 से मतदान परिसर के बाहर तक अपने पक्ष में मतदान करने के लिये कार्ड और पंपलेट के जरिए मतदाताओं से अपील करते हुए नजर आये। भीषण गर्मी में भी प्रत्याशी और मतदाताओं के चेहरे में गजब उत्साह छाया रहा।

किसके सिर होगा ताज फैसला आज-

नई कार्यकारिणी के लिये संपन्न हुए मतदान की मतगणना आज बुधवार प्रात: 11 बजे से होगी। जिसके बाद तय हो जायेगा कि नई कार्यकारिणी का ताज किसके सिर होगा। अध्यक्ष पद के लिये छह उम्मीदवार जिनमें अभय शुक्ला, बाल्मीकि प्रसाद तिवारी, एचआर नायडू, ज्योति राय, मनीष कुमार मिश्रा एवं नरेंद्र जैन चुनाव मैदान में हैं। जिनमें वरिष्ठ अधिवक्ता नरेन्द्र जैन, मनीष मिश्रा और ज्योति राय के बीच कड़ा मुकाबला रहा। मतों की गिनती शुरु होते ही अध्यक्ष पद के विजेता का नाम घोषित हो जायेगा।

Next Post

छात्रों पर पुलिस ज्यादती और पैलेट गन के कथित इस्तेमाल के आरोपों की निष्पक्ष जांच हो : सुप्रीम कोर्ट

Tue Jul 28 , 2026
नयी दिल्ली, 28 जुलाई (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्रों पर पुलिस ज्यादती और पैलेट गन के कथित इस्तेमाल के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति […]

You May Like