
सीधी।आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में मंगलवार को बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिला पंचायत सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की कुल 510 शिकायतों एवं आवेदनों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, अतिक्रमण, भूमि विवाद, निर्माण कार्य, पेंशन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को वास्तविक राहत मिल सके।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निराकरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आवेदन के निराकरण में अनावश्यक विलंब, उदासीनता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ सरलता और पारदर्शिता के साथ प्राप्त हो।जनसुनवाई में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल होकर प्राप्त प्रकरणों की जानकारी एवं निराकरण की प्रगति से अवगत कराते रहे।
