मंदिर ट्रस्टी की डंडों से पीट पीटकर हत्या, चौकीदार गिरफ्तार

इंदौर. अन्नपूर्णा इलाके में 150 साल पुराने मंदिर के ट्रस्टी की चौकीदार ने डंडों से पीट पीटकर हत्या कर दी. वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी हमला करता दिखाई दे रहा है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.

एसीपी शिवेंदु जोशी ने बताया कि घटना मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे की है. मंदिर का चौकीदार मुकेश शर्मा शराब पीने का आदी है और अक्सर नशे में विवाद करता था. ट्रस्टी कैलाश मोदी उसे पहले भी कई बार समझा चुके थे. मंगलवार सुबह जब वह नशे की हालत में मंदिर पहुंचा तो फिर विवाद हो गया. समझाने पर आरोपी भड़क गया और डंडा उठाकर हमला कर दिया. जान बचाने के लिए मोदी वहां से भागे, लेकिन आरोपी ने पीछा कर कुछ दूरी पर पकड़ लिया और उन पर ताबड़तोड़ वार किए. लहूलुहान हालत में मोदी पास के गुरुद्वारे में घुस गए, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और सिर, हाथ पैर पर लगातार डंडे बरसाए. बताया जा रहा है कि आरोपी ने करीब 31 वार किए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और वे अचेत होकर गिर पड़े. घटना के दौरान गुरुद्वारे में सत्संग चल रहा था, जिससे शोर के कारण हमले की आवाज साफ सुनाई नहीं दी.

गुरुद्वारा प्रबंधन से जुड़े दिलराज छाबड़ा ने बताया कि बाद में घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि आरोपी के व्यवहार को लेकर पहले भी शिकायतें की जा चुकी थीं. घटना के दौरान कुछ लोगों ने बीच बचाव की कोशिश की, लेकिन हमले की तीव्रता के कारण पीछे हट गए. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Next Post

थाना प्रभारी पर जानलेवा हमला करने वाले आधा दर्जन आरोपी पहुंचे जेल 

Tue Jun 16 , 2026
सीधी। जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटपरा में सोमवार दोपहर सडक़ जाम खुलवाने गए कमर्जी थाना प्रभारी पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने वाले आधा दर्जन आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को देर शाम गिरफ्तार कर लिया था। आज मंगलवार को सभी आरोपियों का मेडिकल कराने के […]

You May Like