थाना प्रभारी पर जानलेवा हमला करने वाले आधा दर्जन आरोपी पहुंचे जेल 

सीधी। जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटपरा में सोमवार दोपहर सडक़ जाम खुलवाने गए कमर्जी थाना प्रभारी पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने वाले आधा दर्जन आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को देर शाम गिरफ्तार कर लिया था। आज मंगलवार को सभी आरोपियों का मेडिकल कराने के बाद जिला न्यायालय में पेश किया गया जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।

इस घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी स्वयं पूरे मामले में सक्रिय रहे और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जेल भिजवाया है।

उल्लेखनीय हैं कि सोमवार को कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटपरा में सड़क एवं नाली निर्माण के दौरान कुछ लोगों ने विवाद करते हुए चुरहट अमिलिया मार्ग में

चक्काजाम कर दिया था, जिसकी सूचना मिलने पर थाना प्रभारी इंद्रराज सिंह अपने दलबल के साथ जाम खुलवाने पहुंचे थे, जहां मार्ग अवरुद्ध करने वाले लोगों को समझाइश दे रहे थे इसी दौरान कुछ लोगों ने थाना प्रभारी पर ही धारदार हथियार से हमला कर दिया था, जिसके चलते उन्हें सिर, हांथ, पैर सहित शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आई थी, सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने जिले के पांच थानों का बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया। लेकिन थाना प्रभारी इंद्रराज सिंह पर जानलेवा हमला करने वालों को चिन्हित किया गया और तत्काल छः आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपी मौका देखते ही फरार हो गया।

छः आरोपी गए जेल, एक फरार –

थाना प्रभारी इंद्रराज सिंह पर जानलेवा हमला करने वाले तीन पुरुष एवं तीन महिला आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जिला चिकित्सालय में मेडिकल कराने के बाद जिला न्यायालय में पेश किया गया जहां से सभी को आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में दिनेश पटेल पिता रामेश्वर पटेल, उम्र 45 वर्ष, विनय पटेल उर्फ पंडित पटेल पिता दिनेश पटेल, उम्र 20 वर्ष, प्रीतम पटेल पिता दिनेश पटेल उम्र 22 वर्ष, संध्या पटेल पति दिनेश पटेल उम्र 45 वर्ष, श्यामा पटेल पति अमरेन्द्र पटेल उम्र 33 वर्ष, सरोज पटेल पति राजेश पटेल उम्र 40 वर्ष सभी निवासी मझारी टोला पटपरा, थाना कमर्जी शामिल हैं। फरार आरोपी सुनील पटेल निवासी मझारी टोला पटपरा थाना कमर्जी की तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कमर्जी पुलिस ने हत्या का प्रयास, बलवा सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। बताया गया है कि पकड़े गए आरोपियों में कुछ के खिलाफ पूर्व से भी गंभीर धाराओं के मामले दर्ज हैं।

 

पांच थानों की पुलिस ने संभाला था मोर्चा –

 

सोमवार को कमर्जी थाना प्रभारी इंद्रराज सिंह पर हमले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी ने जिले के पांच थानों का बल तैनात कर दिया था। जिसमें जमोड़ी, चुरहट, रामपुर नैकिन, अमिलिया एवं सेमरिया थाने के थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस बल को भेजा गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सबसे पहले जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी अपने थाने के जाबांज सिपाही केपी सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते सभी आरोपियों को चिन्हित कर उठा लिया था जिसके चलते पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी।

 

इनका कहना है-

 

थाना प्रभारी इंद्रराज सिंह पर हमला करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर मेडिकल उपरांत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में तीन पुरुष एवं तीन महिला है, जबकि अभी एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रवि प्रकाश कौल,

एसडीओपी चुरहट

Next Post

एनएसयूआई का उग्र प्रदर्शन, वाटर कैनन से पुलिस ने किया तितर-बितर 

Tue Jun 16 , 2026
जबलपुर। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) जबलपुर द्वारा कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में रानीताल चौक पर उग्र प्रदर्शन किया गया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष सचिन रजक के नेतृत्व में प्रदेश सरकार एवं चुनावी प्रक्रिया […]

You May Like