इंदौर: शादी की खुशियों को हथियारों की नुमाइश में बदलना तीन युवकों को भारी पड़ गया. देहात के बड़गौदा थाना क्षेत्र में स्थित प्रभात कोल्ड स्टोरेज में एक विवाह समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और मामले में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों पर प्रकरण दर्ज कर दिया.
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि 17 मई को कोल्ड स्टोरेज में आयोजित शादी समारोह के दौरान कुछ लोगों ने फायरिंग की थी. जब पुलिस ने जांच शुरू की तो इस घटना का वीडियो इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो चुका था, जिसमें युवक खुलेआम बंदूक से गोलियां चलाते दिखाई दे रहे थे. वीडियो के आधार पर पुलिस ने आजाद सिंह पिता लखन सिंह ठाकुर, उसका भाई अर्जुन ठाकुर और राजवीर पिता रामसर के खिलाफ हर्ष फायरिंग का प्रकरण दर्ज किया है.
मामले की जांच कर रहे सहायक उप निरीक्षक खान ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था. लोगों ने डर के कारण शिकायत नहीं की, लेकिन वायरल वीडियो ही पुलिस की बड़ी गवाही बन गया. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि शादी समारोह में प्रयुक्त हथियार वैध थे या नहीं. अगर अवैध हथियार का उपयोग हुआ है तो आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं. मामले में बड़गौंदा थाना प्रभारी का कहना है कि खुशियों के मौके पर गोली चलाना सिर्फ कानून का उल्लंघन नहीं, समाज की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है. ऐसे मामलों में अब और भी सतर्कता बरती जाएगी, ताकि हर्ष फायरिंग की घटनाओं पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके
