सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई। शासकीय प्राथमिक शाला बरती में पदस्थ 58 वर्षीय शिक्षक इंद्रभान सिंह को स्कूल जाते समय एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना राहगीरों ने डायल-112 पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंद्रभान सिंह रामपुर बघेलान विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला बरती में पदस्थ थे और वहीं रहते थे। मंगलवार को वे निजी काम से सतना आए थे। भरहुत नगर में उनका मकान होने के कारण उन्होंने रात वहीं बिताई।बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे वे बाइक से स्कूल के लिए निकले थे। रास्ते में मटेहना के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। कोलगवां थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
