रीवा :प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत रीवा जिले में भी ट्रैफिक पुलिस ने सघन जांच की। इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले चालकों पर जमकर कार्रवाई की गई।विशेष अभियान के दौरान रीवा जिले में बिना हेलमेट वाले 984 चालकों पर कार्रवाई करते हुए 3 लाख 95 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसी तरह सीट बेल्ट न लगाने वाले 190 फोर व्हीलर चालकों पर कार्रवाई कर शासन के खाते में 95 हजार रुपये जमा कराए गए।
19 चालकों के लाइसेंस होंगे निलंबित
नियमों का लगातार उल्लंघन करने वाले 19 प्रकरणों को लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को भेजा गया है। जल्द ही इन 19 चालकों के लाइसेंस निलंबित किए जाएंगे।बता दें कि प्रदेश में 28 सितंबर से 8 अक्टूबर तक विशेष जांच और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत रीवा में भी कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों के पालन को लेकर शैक्षणिक संस्थाओं में भी जागरूकता अभियान चलाया गया। स्कूल-कॉलेजों के अलावा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान हजारों विद्यार्थियों सहित आम लोगों को जागरूक कर यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। विशेष अभियान के दौरान बिना हेलमेट और सीट बेल्ट पर विशेष रूप से कार्रवाई की गई।
