इंदौर: रविवार सुबह शहर में प्री मानसून के एक इंच से ज्यादा बारिश हुई बारिश से उमस और तापमान गिरने से आमजन ने राहत की सांस ली. खास बात यह है कि मौसम वैज्ञानिक ने तीन दिन बाद मानसून पूर्व की बारिश होने की भविष्यवाणी की थी, जो आज सुबह बारिश होने से सही सिद्ध हो गई.
तीन दिन पहले मौसम वैज्ञानिक अजय कुमार शुक्ला ने नव भारत को बताया था कि अगले तीन दिन बाद मानसून पूर्व बारिश होगी. उनका अनुमान सही निकला और आज सुबह शहर में करीब 5.30 से 6.45 बजे तक करीब सवा घंटा रुक रुक तेज और धीमी 29.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई. इस दौरान तापमान में गिरावट आने के साथ मौसम में ठंडक घुल गई. आज शहर का अधिकतम तापमान 36.3 दर्ज किया गया और रात का पारा भी 6 डिग्री लुढ़ककर 19.6 दर्ज किया गया. एक जून से अभी तक शहर में 2 इंच से ज्यादा 55.1 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है. हालांकि यह प्री मानसून की बारिश है. प्रदेश और इंदौर में मानसून आने में एक हफ्ते का समय ओर लगेगा.
