मुंबई, 27 जुलाई (वार्ता) अभिनेत्री देबचंद्रिमा ने कहा है कि स्टार प्लस का आगामी शो ‘ये फितूर तेरा’ हर उस लड़की के दिल को छू लेगा, जो पहली बार अपने कम्फर्ट ज़ोन से बाहर निकलकर को-एड कॉलेज की दुनिया में कदम रखती है।देबचंद्रिमा इस शो में सौम्या का किरदार निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि ‘ये फितूर तेरा’ एक खूबसूरत कमिंग-ऑफ-एज प्रेम कहानी है, जो रिश्तों, आत्म-खोज और जीवन में आगे बढ़ने की हिम्मत को दर्शाती है। यह सिर्फ रोमांस की कहानी नहीं, बल्कि खुद को पहचानने और अपनी आवाज़ खोजने का सफर भी है।
अपने किरदार के बारे में बात करते हुए देबचंद्रिमा ने कहा कि सौम्या उनकी वास्तविक जिंदगी की शख्सियत से बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा, “मैं काफी बेबाक हूं, जबकि सौम्या शर्मीली, अंतर्मुखी और बेहद धीमी आवाज़ में बोलने वाली लड़की है। इस किरदार को निभाने के लिए मुझे अपनी गति और बोलने के अंदाज़ दोनों में बदलाव करना पड़ा।”
उन्होंने कहा कि अक्सर शर्मीले लोगों को कमजोर समझ लिया जाता है, लेकिन सौम्या इस सोच को गलत साबित करती है। वह पूरी जिंदगी गर्ल्स स्कूल में पढ़ने के बाद कॉलेज में प्रवेश करती है और घबराहट के बावजूद लगातार सीखती और आगे बढ़ती रहती है। यही उसकी असली ताकत है।
देबचंद्रिमा का मानना है कि युवा महिलाएं सौम्या के सफर से खुद को जोड़ पाएंगी, क्योंकि नई शुरुआत का डर हर किसी ने महसूस किया है। चाहे कॉलेज का पहला दिन हो, नया शहर हो या नया माहौल, सौम्या का संघर्ष और उसका धीरे-धीरे आत्मविश्वास हासिल करना दर्शकों को प्रेरित करेगा।
शो के शीर्षक ‘ये फितूर तेरा’ पर उन्होंने कहा कि वास्तविक जीवन में उनका सबसे बड़ा ‘फितूर’ एक अभिनेत्री के रूप में लगातार आगे बढ़ना और चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं निभाना है।उन्होंने कहा कि सौम्या का किरदार निभाने से उन्हें यह समझने में मदद मिली कि अच्छे रिश्ते किसी को बदलने के लिए नहीं, बल्कि एक-दूसरे पर भरोसा करने और साथ मिलकर आगे बढ़ने के लिए होते हैं। सह-कलाकार ईशान धवन के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि ईशान की सकारात्मक ऊर्जा सेट का माहौल खुशनुमा बनाए रखती है और दोनों ने अपने किरदारों की यात्रा को समझने के लिए साथ मिलकर काफी मेहनत की है। उल्लेखनीय है कि ‘ये फितूर तेरा’ का प्रसारण 05 अगस्त से स्टार प्लस पर रात 8:30 बजे होगा। दर्शक इसे जियोहॉटस्टार पर भी देख सकेंगे।

