नयी दिल्ली 06 मई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में पार्टी के सांसदों, विधायकों और पार्षदों ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के समक्ष धरना दिया।
इस धरना में श्री सचदेवा के अलावा सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेन्द्र चंदोलिया, कमलजीत सहरावत, प्रवीन खंडेलवाल और सुश्री बाँसुरी स्वराज एवं विधायक अजय महावर, जितेंद्र महाजन, नीरज बसौया, अनिल शर्मा, शिखा राय, संजय गोयल, गजेन्द्र दराल, राजकुमार भाटिया के साथ ही प्रदेश भाजपा पदाधिकारी तथा काफी संख्या में अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि पंजाब की मान सरकार द्वारा भाखड़ा नहर से पड़ोसी राज्यों की जल सप्लाई में कटौती करने के कारण दिल्ली जल संकट की ओर बढ़ रहा है और इसको लेकर दिल्ली वासियों में जबरदस्त रोष है।
प्रदर्शनकारी अपने हाथों में पंजाब सरकार के विरोध नारों की तख्ती लिये हुए थे और काली पट्टी बांध रखी थी। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार से अपने फैसले को वापस लेने की मांग की।
इस अवसर पर श्री सचदेवा ने कहा कि दिल्ली के हक का पानी श्री केजरीवाल अब पंजाब में रोक रहे हैं और दिल्ली को गर्मी में प्यासा मारने की साजिश आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार कर रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में हार को अभी तक श्री केजरीवाल और उनकी पार्टी नहीं पचा पाई है और हार का बदला दिल्लीवालों से लेने के लिए वह यह सब करने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली के दुश्मन श्री केजरीवाल हैं और उनके द्वारा पानी का रोकना पाकिस्तान के समर्थन में उन्हें खड़े करता है।
श्री सचदेवा ने कहा कि पहलगाम में हुए हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के पानी को रोक दिया और ठीक उसी तरह से अपनी हार से बौखलाए दिल्लीवालों के लिए पानी रोक रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अब यह आम आदमी पार्टी नहीं है, बल्कि पाकिस्तान समर्थक पार्टी बन गयी है। उन्होंने कहा, “आज जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हमारे सांसद, विधायक यहां आए हुए हैं और जनता की आवाज बनकर केजरीवाल को बताने आए हैं कि दिल्लीवालों को प्यासा मारने की कोशिश कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “यह हम सब की जिम्मेदारी हैं कि हम दिल्लीवालों के हक का पानी उन्हें दिलाए और इसलिए आज हम उनके आवास के बाहर खड़े हैं और उनसे हिसाब ले रहे हैं कि आखिर अपनी हार का बदला दिल्ली की मासूम जनता से केजरीवाल और उनकी पार्टी क्यों ले रही है।”
