नयी दिल्ली, 06 मई (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा है कि पंजाब पर दिल्ली का पानी रोकने का आरोप बेहद हास्यास्पद है।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को यहां कहा कि दिल्लीवालों की पानी की जरूरतों को पूरा करने में विफल साबित हो रही सरकार के मंत्री अब बहाने ढूंढ रहे है। उन्होंने कहा कि पंजाब पर दिल्ली का पानी रोकने का आरोप बेहद हास्यास्पद है। दिल्ली में गंगा-यमुना से पानी आता है और दोनों नदियां पंजाब से नहीं बहती हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बहाने बनाना बन्द करे और दिल्लीवालों को भरपूर पानी दे। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी हरियाणा सरकार पर उंगली नहीं उठा सकती है इसलिए वह पंजाब पर आरोप लगा रही है, लेकिन दिल्लीवाले सब समझते हैं।
उन्होंने कहा कि आज मीडिया में खबरें छपी हैं कि भारत सरकार ने पाकिस्तान का सारा पानी रोक दिया है। भारत सरकार ने पाकिस्तान का जो पानी रोका है, उससे बाढ़ आ सकती है। भारत सरकार को उस पानी को उठाकर दिल्ली को दे देना चाहिए। श्री प्रवेश वर्मा कुछ भी बयानबाजी करते रहते हैं। पहले जब हरियाणा दिल्ली का पानी रोकता था, तो भाजपा दिल्लीवालों का मजाक उड़ाती थी। भाजपा को इस बात की दिक्कत है कि अब ये लोग हरियाणा सरकार के उपर उंगली नहीं उठा पा रहे हैं, क्याेंकि हरियाणा में भी भाजपा की ही सरकार है।
