वेलिंग्टन, 23 मार्च (वार्ता) न्यूजीलैंड ने घरेलू और विश्व क्रिकेट के टी-20 प्रारुप में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए फ्रैंचाइजी आधारित एनजेड 20 लीग शुरु करने की घोषणा की है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (एनजेडसी) की हुई बैठक में विचार विमर्श के बाद घरेलू टी-20 प्रारुप के भविष्य के लिए सुपर स्मैश की जगह एनजेड 20 को अपना पसंदीदा विकल्प चुना है। बोर्ड ने अपनी नई फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग ‘एनजेड20’ शुरू करने का फैसला किया। बोर्ड का मानना है कि इससे घरेलू और युवा क्रिकेटरों को लाभ होगा।
बोर्ड की चेयरपर्सन डायना पुकेटापु-लिंडन ने कहा, ” प्रस्तावों की खूबियों पर विस्तार से चर्चा हुई, और बोर्ड इस नतीजे पर पहुंचा कि अब हमारे 21 साल पुराने सुपर स्मैश टूर्नामेंट को फिर से जिंदा करने का सही समय है। शुरुआती एनजेड 20 प्रस्ताव में कई बदलावों की ज़रूरत होगी, खासकर नए टूर्नामेंट में महिलाओं के खेल की स्थिति के संबंध में।”
उन्होंने कहा कि बोर्ड का मानना है कि एनजेड 20 लीग न केवल आर्थिक रूप से बोर्ड को आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि युवा क्रिकेटरों को भी अपना प्रतिभा दिखाने के लिए वर्ल्ड क्लास मंच प्रदान करेगी। इस नई फ्रैंचाइजी लीग का न्यूजीलैंड महिला टीम की सोफी डिवाइन, ब्रूक हॉलीडे तथा अन्य खिलाड़ियों ने समर्थन किया है।
