कोर्डा ने अल्काराज़ को मियामी ओपन से बाहर किया

फ्लोरिडा (अमेरिका), 23 मार्च (वार्ता) अमेरिका के सेबेस्टियन कोर्डा ने तीसरे दौर के मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज को मियामी ओपन से बाहर कर दिया।

दो घंटे 19 मिनट तक चले मुकाबले में स्पेन के दिग्गज अल्काराज को दुनिया के 36वें नंबर के खिलाड़ी कोर्डा से 6-3, 5-7, 6-4 से अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ कोर्डा टूर्नामेंट के चौथे दौर में जगह बना ली है।

शीर्ष वरीयप्ता प्राप्त अल्काराज ने पहले सेट में ढीला खेल दिखाया, जिससे अमेरिकी खिलाड़ी को शुरुआती बढ़त मिल गई, लेकिन दूसरे सेट में ऐसा लगा कि कोर्डा ने अपना मौका गंवा दिया है। कोर्डा ने 5-4 के स्कोर पर मैच के लिए सर्व किया, लेकिन स्पेनिश खिलाड़ी ने उनकी सर्विस तोड़ दी और अगले दो गेम जीतकर मैच को तीसरे सेट तक खींच लिया। अल्काराज ने अपना खेल तेज़ किया, लेकिन कोर्डा ने अपना संयम बनाए रखा और तीसरे सेट में 4-3 से बढ़त बना ली, जब उनके विरोधी ने फोरहैंड शॉट बाहर मार दिया। कोर्डा ने आत्मविश्वास के साथ अपनी अगली दो सर्विस गेम जीतीं और मैच अपने नाम कर लिया – अल्काराज के रिटर्न शॉट के बाहर जाने पर उन्होंने अपने दूसरे मैच पॉइंट पर जीत पक्की कर ली।

मैच के बाद अल्काराज ने कहा, “मुझे लगता है कि यह प्रक्रिया अच्छी रही है। आज की हार को छोड़कर, मुझे लगता है कि मैं अभी भी सही रास्ते पर हूं। पिछले कुछ टूर्नामेंट में कुछ ऐसी चीज़ें थीं जिनके साथ मैं सहज महसूस नहीं कर रहा था, लेकिन मुझे लगता है कि इस टूर्नामेंट में, मैं धीरे-धीरे बेहतर महसूस करने लगा हूं।”

कोर्डा चौथे राउंड में 14वीं सीड वाले कैरेन खाचानोव या क्वालिफ़ायर मार्टिन लैंडालूस का सामना करेंगे।

मैच जीतने के बाद कोर्ड ने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है। मैंने थोड़ा लंबा रास्ता चुना, यह तो पक्का है – जितना मैं चाहता था, उससे थोड़ा ज़्यादा तनाव हुआ, लेकिन मैं अपने खेल से खुश हूं। मैंने अपना विश्वास बनाए रखा। मैं कुछ मुश्किल हालात में फँस गया था, लेकिन मैंने हार नहीं मानी और आखिर में बहुत अच्छा खेला।”

 

 

 

Next Post

बिजली कंपनी की मनमानी से परेशान उपभोक्ता, जिनके बिल जमा वह भी अंधेरे में रहने को मजबूर

Mon Mar 23 , 2026
ब्यावरा: सुठालिया रोड पर स्थित ग्राम गांगाहोनी में विद्युत उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. गांव के मुख्य बस स्टेण्ड स्थिता ट्रांसफार्मर पर बकाया का हवाला देते हुए आठ दिन पूर्व बिजली सप्लाई काट दी गई किंतु ट्रांसफार्मर से कनेक्शन वाले जिन उपभोक्ताओं के बिल बराबर […]

You May Like