
चंडीगढ़, 29 अगस्त (वार्ता) क्रिकेट विश्व कप विजेता कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर कपिल देव ने शनिवार को ट्रिनिटी गोल्फ चैंपियंस लीग (टीजीसीएल)-2026 के लिए चंडीगढ़ की टीम का शुभारंभ किया। मौजूदा चैंपियन चंडीगढ़ टाइटंस ने नए नाम और पहचान के साथ जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स के रूप में आगामी सत्र में उतरने की घोषणा की। विशेष लॉन्च समारोह में टीम के मालिकों, नेतृत्व, खिलाड़ियों, साझेदारों और अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में नई पहचान का अनावरण किया गया। टीम ने इस अवसर पर ‘ए न्यू नेम, ए बिगर गेम, ए स्ट्रॉन्गर लेगेसी’ का संदेश दिया। ‘फ्रॉम चंडीगढ़्स ग्रीन्स टू इंडिया’स फेयरवेज’ थीम के साथ टीम ने चंडीगढ़ की गोल्फ विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर आगे ले जाने की प्रतिबद्धता जताई।
कपिल देव ने कहा कि किसी शहर का प्रतिनिधित्व करने वाली खेल टीम को देखकर हमेशा विशेष खुशी होती है। चंडीगढ़ की शानदार खेल संस्कृति है और जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स इस भावना को बड़े मंच तक ले जाने का अवसर है। उन्होंने टीम को आगामी सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि टीम आत्मविश्वास के साथ खेलेगी और चंडीगढ़ को जश्न मनाने के और मौके देगी। टीम के सह-मालिक करण गिलहोत्रा ने कहा कि नई पहचान का उद्देश्य एक स्थायी खेल विरासत तैयार करना है। उन्होंने कहा कि गोल्फ कौशल, अनुशासन, धैर्य और चरित्र का खेल है तथा टीम इन्हीं मूल्यों को अपनाना चाहती है। मौजूदा चैंपियन होने के कारण टीम पर पिछले प्रदर्शन के स्तर को बनाए रखने के साथ भविष्य के लिए कुछ बड़ा करने की जिम्मेदारी भी है।
जीबी रियल्टी ग्रुप के चेयरमैन गुरिंदर भट्टी ने कहा कि नई पहचान चंडीगढ़ के लिए टीजीसीएल में बड़ी महत्वाकांक्षाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि टीम मौजूदा चैंपियन के रूप में मैदान में उतरेगी और उसका लक्ष्य खिताब की रक्षा करने के साथ चंडीगढ़ की गोल्फ विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। टीम के सह-मालिक और गोल्फ खिलाड़ी सैंडी लेहल ने कहा कि मौजूदा चैंपियन के रूप में टीम के सामने बड़ी चुनौती होगी। उन्होंने कहा कि टीम आत्मविश्वास के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए चंडीगढ़ का गौरव बढ़ाने का प्रयास करेगी।
टाइनॉर के प्रमोटर ए.जे. सिंह ने कहा कि खेल लोगों को प्रेरित करने, समुदायों को जोड़ने और उत्कृष्टता की संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि टाइनॉर स्पोर्ट्स के माध्यम से जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स और उसकी टीजीसीएल यात्रा को समर्थन देना गर्व की बात है।
नई पहचान के साथ जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स ने टीजीसीएल-2026 में अपने खिताब की रक्षा करने और चंडीगढ़ की गोल्फ विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करने का लक्ष्य रखा है।
