सरकार ने कच्चे जूट पर भंडारण सीमा लगाई

नयी दिल्ली, 28 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के जूट आयुक्त ने जूट की उपलब्धता में सुधार के लिए इसकी भंडारण सीमा तय कर दी है।

ऐसे जूट बेलर जिनके परिसर में बेलिंग प्रेस भी है उनके लिए किसी भी समय अधिकतम 1,000 क्विंटल की सीमा तय की गई है। अन्य सभी भंडारकों के लिए अधिकतम सीमा 100 क्विंटल तय की गई है। वे स्टॉकिस्ट/बेलर जो अधिसूचना की तिथि तक पंजीकृत नहीं हैं और जिन्होंने पंजीकरण के लिए आवेदन नहीं किया है, पांच क्विंटल का भंडार रख सकेंगे।

कच्चे जूट से जूट का सामान बनाने वाली जूट मिलों और विनिर्माण इकाइयों के लिए अधिकतम सीमा वर्तमान उत्पादन दर के अनुसार अधिकतम 90 दिनों की खपत के बराबर होगी।

यह आदेश शुक्रवार को जारी किया गया था जिसे मंत्रालय ने शनिवार को साझा किया है। इसमें कहा गया है कि निर्धारित सीमा से अधिक भंडार रखने वाली संस्थाओं को अतिरिक्त मात्रा बेचनी होगी और 10 दिसंबर 2026 को या उससे पहले उसे भौतिक से बिक्री की हुई जूट क्रेता को सौंपनी होगी। जब तक रखा गया भंडार निर्धारित सीमा के भीतर न आ जाए नये स्टॉक की सभी खरीद रोक दी जाएगी।

एक ही परिसर में रखे कच्चे जूट को एक भंडार माना जाएगा, चाहे वे अलग-अलग व्यापारियों, स्टॉकिस्टों या बेलरों के नाम पर ही क्यों न हों।

मंत्रालय ने कहा है कि जूट आयुक्त के अधिकृत प्रतिनिधि और राज्य पुलिस अधिकारी गोदामों सहित परिसरों में प्रवेश कर तलाशी ले सकते हैं, यह सत्यापित करने के लिए बही-खातों और अभिलेखों का निरीक्षण कर सकते हैं कि भंडार की सही घोषणा की गई है, और आदेश के उल्लंघन में संग्रहित किए जाने का उचित संदेह होने पर कच्चा जूट जब्त कर सकते हैं।

 

Next Post

सीट के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे एमडी ड्रग्स, दो आदतन आरोपी गिरफ्तार

Sat Nov 28 , 2026
इंदौर. शहर में नशे की सप्लाई के लिए तस्कर अब दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं. राजकुमार सब्जी मंडी रोड पर संदिग्ध हालत में बाइक पर बैठे दो युवकों की तलाशी में क्राइम ब्रांच को सीट के नीचे छिपाकर रखी 12.01 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली. पुलिस ने दोनों को […]

You May Like