वैष्णोदेवी दर्शन करने गया परिवार, घर में हो गई 60 लाख की चोरी

इंदौर: तीर्थ यात्रा पर गए परिवार की गैरमौजूदगी में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया. बाणगंगा थाना क्षेत्र की बाणगंगा कॉलोनी में बदमाश अलमारी तोड़कर करीब 35 लाख रुपये नकद और लगभग 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात समेट ले गए. परिवार लौटकर आया तो घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए.
थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि पीड़िता मनीषा यादव ने शिकायत दर्ज कराई है.

अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले परिवार ने राम कॉलोनी स्थित एक प्लॉट बेचा था, जिसकी रकम 35 लाख रुपये नकद घर में रखी हुई थी. इसके साथ ही करीब 25 लाख रुपये मूल्य के जेवर भी अलमारी में रखे थे. इसी बीच दंपती माता वैष्णोदेवी के दर्शन के लिए गए हुए थे और घर पूरी तरह सूना था. मकान में घुसने के लिए बदमाशों ने पहले रेकी की और फिर ताले तोड़कर भीतर प्रवेश किया. अलमारी के लॉक टूटे मिले और सारा सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर नकदी और जेवर गायब पाए गए.

आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना पर बाणगंगा पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है. कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात में किसी ऐसे व्यक्ति की भूमिका हो सकती है, जिसे घर में रखी बड़ी रकम की जानकारी थी. फिलहाल आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है.

Next Post

देश को सशक्त बनाने के लिए होता है हमारा बजटः मांडविया

Wed Feb 11 , 2026
इंदौर: आनंद मोहन माथुर सभा गृह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड, अंजू माखीजा, प्रदेश प्रवक्ता आलोक दुबे, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष शैलजा मिश्रा की उपस्थिति में केंद्रीय बजट पर […]

You May Like

मनोरंजन