सुकमा 28 फरवरी (वार्ता) छ्त्तीसगढ़ के सुकमा जिले में 32 लाख रुपए इनामी व हार्डकोर सात नक्सलियों ने शुक्रवार को सुरक्षा बलों व पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में एक दंपती भी शामिल है।
इनमें से तीन माओवादियों पर आठ-आठ लाख रुपए का इनाम है। ये तीनों नक्सलियों की बटालियन नंबर-1 के सदस्य हैं। साथ ही ये नक्सली संगठन के नेता हिड़मा और देवा के साथ काम कर चुके हैं।
वहीं चार अन्य नक्सलियों पर दो-दो लाख रुपए के इनाम घोषित थे। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
बताया जाता है कि आत्मसमर्पित नक्सलियों में रव्वा मूके उर्फ भीमे और हेमला हिड़मा एक ही टीम में काम करते थे। दोनों को एक-दूसरे से प्यार हुआ। फिर दोनों ने बड़े लीडरों से अनुमति ली और शादी कर ली। पर नक्सली नेता ने इन्हें बच्चे की इजाजत नहीं दी। ये दोनों अपना घर बसाना चाहते थे। इसलिए दोनों ने आत्मसमर्पण करने का मन बनाया। नक्सल संगठन में रहते ये दोनों इंसास जैसे हथियार चलाते थे।
सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने कहा कि सभी नक्सली ‘बड़े कैडर्स’ के साथ काम कर चुके हैं। इनमें एक नक्सली संगठन के बड़े नेता माड़वी हिड़मा का गार्ड रह चुका है। ऐसे में पूछताछ में इनसे कई और भी खुलासे हो सकते हैं।
