नेपाल को नौ विकेट से रौंद कर वेस्टइंडीज की जीत की हैट्रिक

मुम्बई (वार्ता) जेसन होल्डर (चार विकेट) के बाद कप्तान शाई होप (नाबाद 61) और शिमरॉन हेटमायर (नाबाद 46) की शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज ने रविवार को टी-20 विश्वकप के 25वें मुकाबले में नेपाल को 28 गेंदे शेष रहते नौ विकेट विकेट से शिकस्त दी और अपनी जीत की हैट्रिक पूरी की। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने सुपर आठ के लिए अपनी दावेदारी पक्की कर ली है।
134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज के लिए ब्रैंडन किंग और शाई होप की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 43 रन जोड़े। छठे ओवर में नंदन यादव ने ब्रैंडन किंग को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये शिमरॉन हेटमायर ने शाई होप के साथ दूसरे विकेट के लिए अविजित 91 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को 15.2 ओवर में नौ विकेट से जीत दिला दी। शाई होप ने 44 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाते हुए नाबाद 61 रनों की पारी खेली। वहीं शिमरॉन हेटमायर ने 32 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 46 रन बनाये।
आज यहां वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल के बल्लेबाज वेस्टइंडीज के गेंदबाजी आक्रमण के आगे खुलकर नहीं खेल सके और उनकी टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 133 रन का स्कोर बनाया। दीपेंद्र सिंह ऐरी ने नेपाल के लिए सर्वाधिक 58 रनों की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 47 गेंदों का सामना किया और तीन चौके और तीन छक्के लगाये। इसके अलावा सोमपाल कामी ने 15 गेंदों में चार चौकों की मदद से नाबाद 26 रन बनाये। लोकेश बाम (13), आसिफ शेख और गुलशन झा ने (11-11) रन बनाये। चार बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
वेस्टइंडीज के लिए जेसन होल्डर ने 27 रन देकर चार विकेट लिये। अकील हुसैन, मैथ्यू फोर्ड, शमार जोसेफ और रॉस्टन चेज ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

एनाबेल सदरलैंड ने फिर से जीता बेलिंडा क्लार्क अवॉर्ड

Sun Feb 15 , 2026
मेलबर्न (वार्ता) लगातार दूसरे साल, ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड को बेलिंडा क्लार्क अवॉर्ड दिया गया है, जो ऑस्ट्रेलिया में किसी महिला क्रिकेटर को दिया जाने वाला सबसे बड़ा सालाना सम्मान है। सदरलैंड ने 77 वोटों के साथ, बेथ मूनी को, जिन्हें 74 वोट मिले थे, इस सम्मान के लिए बहुत कम […]

You May Like