
सीधी। पीएम श्री एक्सीलेंस कॉलेज सीधी की लगभग 56 एकड़ भूमि में अतिक्रमण बढ़ने के बावजूद मामला नजूल तहसील में पिछले पांच वर्षों से विचाराधीन है। कॉलेज परिसर में कुछ लोग अस्थायी आवास बनाकर रह रहे हैं, जिससे परिसर और खेल मैदान पर कब्जा बढ़ता जा रहा है।
वर्ष 2020 में तत्कालीन अपर कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने कॉलेज की भूमि का सीमांकन किया और अतिक्रमण चिन्हित किए। इसके बाद भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। कॉलेज प्रशासन ने कई बार तहसील और राजस्व अधिकारियों को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, अतिक्रमण से खेल मैदान और कुछ आवासीय सुविधाओं पर प्रभाव पड़ा है, जिससे छात्रों और कर्मचारियों की गतिविधियों में असुविधा हो रही है।
इस विषय पर नजूल तहसीलदार मीनाक्षी जायसवाल ने कहा कि अतिक्रमण प्रकरण पर आवश्यक जानकारी ली जाएगी और आगे आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जाएगी। वहीं, पूर्व अधिकारियों संतोष अरिहा और सतमन्यु विश्वकर्मा ने बताया कि उस समय संबंधित रिपोर्ट तैयार कर नजूल न्यायालय में प्रस्तुत की गई थी।
